
नईदिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘राष्ट्रवाद’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. खबरों के मुताबिक एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री के राष्ट्रवाद को फर्जी बताया. साथ ही यह भी कहा, ‘राष्ट्रवाद के नाम पर नरेंद्र मोदी लोगों के साथ छल कर रहे हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी ने राष्ट्रवाद का मायाजाल बुन रखा है. अगर आप इससे बाहर निकलकर देखें तो आपको सच्चाई दिखाई पड़ेगी.’
इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा, ‘व्यापारी वर्ग को आज इनकम टैक्स विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तरफ से नोटिस भेजे जा रहे हैं. ऐसा पैसों की उगाही के लिए किया जा रहा है. लेकिन इससे देश के व्यापार और वित्तीय व्यवस्था को नुकसान पहुंच रहा है.’ इस तर्क के साथ व्यापारी वर्ग से उन्होंने आप के पक्ष में वोट डालने और उनकी पार्टी का समर्थन करने की अपील भी की. साथ ही यह भी कहा, ‘अगर दिल्ली में आप के सातों प्रत्याशियों की जीत हुई तो वे सीलिंग पर रोक लगवाएंगे.’
इस मौके पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा. सवालिया लहजे में सिसोदिया ने कहा, ‘क्या मोदी और शाह, अरविंद केजरीवाल को मरवाना चाहते हैं. मोदी-शाह बीते पांच सालों में केजरीवाल को हरा नहीं सके तो क्या वे उन्हें दूसरे तरीके से हटाना चाहते हैं.’
इससे पहले बीते हफ्ते दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक रोड शो के दौरान एक व्यक्ति सुरक्षा घेरे को तोड़ता हुआ अरविंद केजरीवाल की खुली जीप पर चढ़ आया था. तब उसने केजरीवाल को एक थप्पड़ मारा था. हालांकि उसके फौरन बाद आप कार्यकर्ताओं ने उस व्यक्ति को जीप से नीचे खींचकर उसकी पिटाई कर दी थी. उस घटना के बाद आप ने केजरीवाल पर हुए उस हमले को ‘विपक्ष की साजिश’ बताया था.




