कांग्रेस में नाखून काटकर शहीद होने की होड़ मची है

पटना। अंतिम चरण के मतदान के लिए आज बिहार में प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर और सैम पित्रोदा पर तंज कसा। मोदी ने कहा कि नामदार परिवार के दो सबसे करीबी दरबारियों ने अपनी तरफ से बैटिंग शुरू कर दी है। एक बल्लेबाज तो नामदार के गुरू हैं, जिन्हें पहले मैदान में उतारा गया। उन्होंने सिखों का मजाक उड़ाते हुए कहा कि नरसंहार हुआ तो हुआ। दूसरे बल्लेबाज गुजरात चुनाव के बाद मैदान से बाहर थे। वो भी दो दिन से मैदान में हैं। मुझे जमकर गालियां दे रहे हैं। कांग्रसे में नाखून काटकर शहीद होने की होड़ मची है। मोदी ने कहा कि 23 मई को आने वाले नतीजों को कांग्रेस भी समझ चुकी है। उसने नतीजों की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस तैयारी कर रही है हार के बाद उसका ठीकरा पार्टी में किसके सर फोड़े? नामदार को बचाने के लिए क्या किया जाए, इसके लिए एक्सरसाइज चल रही है। मोदी ने कहा कि 4-5 चरण के चुनाव के बाद सभी सर्वे वालों ने कह दिया है कि एनडीए की सरकार बन रही है। फिर क्यों मोदी सातवें चरण तक मेहनत कर रहा है? महामिलावटी दिल्ली में एक मजबूर सरकार बनाने का सपना पाले थे, लेकिन अब उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। उनके नकारात्मक प्रचार में दो ही मुद्दे हैं। एक मोदी की छवि खराब करो और दूसरा मोदी को हटाओ।




