
होनहार बच्चों से मिलकर कलेक्टर ने उनका हौसला बढ़ाया
कवर्धा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब एवं होनहार बच्चों को तकनीकी शिक्षा के लिए योग्य बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू किये गये बढ़ते कदम के तहत सामर्थ्य कोचिंग क्लासेस के माध्यम से छात्रों को विशेष शिक्षा एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है। बढ़ते कदम के तहत कोचिंग सेंटर शासकीय नवीन कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल से 9 छात्रों और एकलव्य विद्यालय तरेगांव जंगल से दो छात्रों द्वारा जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण करने पर कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने उनसे मिलकर उन्हें बधाई और शुभकामना दी। 
इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.एल.महिलांग एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री आशीष बनर्जी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कचहरी पारा स्थित आदिवासी छात्रावास इन होनहार बच्चों से मुलाकात कर उनका रैन्क पूछा तथा सभी छात्रों को लगन एवं मेहनत के साथ एडवांस परीक्षा में शामिल होने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। कलेक्टर ने इन छात्रों की पढ़ाई-लिखाई और अन्य सभी सुविधाओं के लिए छात्रावास अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिये। जेईई मेन्स उत्तीर्ण करने वालों छात्रों में शासकीय नवीन कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल से मुनेश्वर झारिया, पारस साहू, रिपलिका दिवाकर, विजय कुमार, सुमीत कुमार, कुलदीप साहू, साहिल डहरिया, प्रदीप निर्मलकर, थानेश्वर और एकलव्य विद्यालय तरेगांव जंगल से विनय कुमार धुर्वे एवं मुकेश कुमार शामिल है।



