
क्विज प्रतियोगिता के आसान सवालों ने बच्चों को उलझाया
कवर्धा : मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कबीरधाम जिले में शत-प्रतिशत मतदान का संदेश देने के लिए कवर्धा के सरदार वल्लभ भाई पटेल व्यासायिक परिसर में क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस क्विज प्रतियोगिता में लोकसभा निर्वाचन से संबंधित सभी छोटी-छोटी, लेकिन महत्वपूर्ण 10 सवाल पूछे गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवनीश कुमार शरण ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता में राजनांदगांव लोकसभा के कबीरधाम जिले में मतदान की तारीख क्या है? कंट्रोल यूनिट, ब्लैट यूनिट, वीवी पैट और ईडीसी का पूरा नाम क्या है? छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कौन है? मतदान का समय क्या है? जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी कौन होता है? राष्ट्रीय मतदाता दिवस कब मनाया जाता है और मतदान करना क्यो आवश्यक है? जैसे निर्वाचन से जुडी महत्पूर्ण सवाल पूछे गए। इस क्विज प्रतियोगिता में महाविद्यालय और स्कूली के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता के लिए महाविद्यालय और स्कूली विद्यार्थियों की चार अलग-अलग टीम बनाई गई थी। टीम नाम कंट्रोल यूनिट, ब्लैट यूनिट, वीवी पैट, और ईडीसी रखा गया था। इस प्रतियोगिता के तहत सवाल करते हुए बच्चों द्वारा पूरी तत्परता के साथ जवाब दिया गया। हालांकि कुछ सवालों के जवाब के लिए स्कूली विद्यार्थियों को दर्शको की मदद लेने पड़ी। इस प्रतियोगिता में इस प्रतियोगिता में प्रतिक्षा मिश्रा, मंजूलता साहू, वीरेन्द्र साहू, टीकाराम निषाद, गायत्री , विकासनी, प्रियंका और कल्पना ने भाग लिया था। इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी व जिला पंचायत सीईओ कुंदन कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जीवन किशोर धु्रव, कवर्धा एसडीएम विपुल गुप्ता, नगर पालिका सीएमओ सिगरौल सहित मतदाता जागरूकता अभियान से जुडे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान अवश्य करें-कलेक्टर
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकों और प्रतिभागियों को मतदान के लिए शपथ दिलाई। उन्होने संबोधित करते हुए कहा कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में आगामी 18 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 7 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। उन्होने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आगामी 18 अप्रैल को जिले के सभी मतदाता अपने-अपने मतदान केन्द्र में पहुंच कर अपना मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने 18 वर्ष पूरा कर चुके सभी भारतीयों को मतदान करे का अधिकार दिया है। इस अधिकार का उपयोग करने के लिए सभी मतदाताओं को अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होने बताया कि कबीरधाम जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले में शत प्रतिशत मतदान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता रैली, रंगोली प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, रंग-फाग गीत प्रतियोगिता सहित अन्य प्रतियोगिता का भी आयोजन कर मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



