मतदाता जागरूकता अभियान :सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल क्षेत्र दलदली में ईव्हीएम एवं वीवीपैट मशीन का प्रदर्शन
कवर्धा : लोकसभा निर्वाचन 2019 के लिए चलाई जा रही मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आज जिले के सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल क्षेत्र दलदली में मतदाताओं को निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाले ईव्हीएम एवं वीवीपैट मशीनों के कार्य प्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाताओं को अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश कुमार शरण और सीईओ जिला पंचायत एवं स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कुंदन कुमार ने ग्राम पंचायत कार्यालय दलदली के प्रागंण में दलदली तथा आसपास के ग्राम पंचायतों तरेगांव जंगल, केसमर्दा, छुही, सूखझर, भुसीपकरी एवं कुकरापानी के लोगों को लोकसभा निर्वाचन में अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र को मजबूत बनाना है, इसके लिए भारत की प्रगति में अपना योगदान दें। चुनाव एक पर्व की तरह है, इस पर्व में सभी को अपनी भागीदारी देना है। उन्होंने 18 अप्रैल को मतदान के दिन अपने मतदान कार्ड के साथ अनिवार्य रूप से वोट डालने की अपील की। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए हाथ उठाकर सहमति दी। साथ ही “चल कबीरधाम मतदान करे बर“ और “शत-प्रतिशत मतदान-लक्ष्य कबीरधाम“ का भी नारा लगाया। मतदाताओं को ईव्हीएम एवं वीवीपैट मशीन के कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट के कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने नये मतदाताओं तथा वरिष्ठ महिला मतदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए उनके साथ फोटो भी खिंचवाया। इस अवसर पर लोकपाल दौलत राम कश्यप एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।






