कवर्धा

जिला स्तरीय किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी का हुआ आयोजन परंपरागत कृषि एवं पशुधन से आजीविका के लिए कृषकों और पशुपालकों का हुआ ज्ञानवर्धन

जिला स्तरीय किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

परंपरागत कृषि एवं पशुधन से आजीविका के लिए कृषकों और पशुपालकों का हुआ ज्ञानवर्धन

कवर्धा,। कृषि विभाग तथा पशुधन विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में कवर्धा विकासखंड के ग्राम दौजरी में एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी मुख्य आतिथ्य जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला भट्ट, अध्यक्षता जनपद पंचायत कवर्धा अध्यक्ष श्रीमती इंद्राणी चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता का पूजा-अर्चना कर किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। पशु मेला में ग्राम दौजरी सहित अनेक गांवों से कृषक व पशुपालक गण पधारे थे एवं पशुधन प्रदर्शनी के लिए विभिन्न प्रकार के पशु लाए थे।
किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी में समस्त पशुओं का समिति के द्वारा पंजीयन कर निरीक्षण उपरांत दुधारू गाय, उन्नत भैंस, उन्नत वत्स, बकरा-बकरी, बैल जोड़ी, और मुर्गा-मुर्गी इत्यादि वर्गों में अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। पशुओं में सुपोषण को बढ़ावा देने के लिए पैरा का यूरिया उपचार अजोला नेपियर घास तथा बरसीम घास का जीवंत प्रदर्शन किया गया। डॉ. प्रशांत सागर शर्मा के द्वारा पशुधन विकास विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण हितग्राही मूलक योजनाओं, टीकाकरण की महत्ता तथा विभाग की प्रगति के संबंध में सभी को जानकारी दी गई। इसी अनुक्रम में वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. त्रिपाठी के द्वारा प्राकृतिक खेती को समय की जरूरत बताते हुए, प्राकृतिक खेती के लिए आमजन को प्रोत्साहित किया गया। श्री दिनेश खरे के द्वारा कृषि विभाग की योजनाओं के संबंध में विस्तार से बताया गया। अतिथियों के द्वारा पशुधन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आजीविका के लिए उन्नत पशुपालन अपनाने तथा विभाग में संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए जन सामान्य को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। किसान मेला एवं पशुमेला सह पशु प्रदर्शनी में जिला पंचायत सदस्य श्री रामकुमार भट्ट, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत कवर्धा श्री वीरेन्द्र साहू, उपसंचालक कृषि श्री राकेश शर्मा, उपसंचालक पशुधन विकास विभाग डॉ. एस.के.मिश्रा, वरिष्ट कृषि विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी, दोनों विभागों के चतुर्थ वर्ग कर्मचारी, मोबाइल वेटेरिनरी यूनिट के अधिकारी, आत्मा परियोजना के अधिकारी कर्मचारी, जनपद सदस्य एवं सरपंच, पत्रकारगण तथा ग्राम दौजरी एवं आसपास के ग्रामीण उपस्थित थे।

Spread the love

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button