
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोदी और शाह पर साधा निशाना
जगदलपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जगदलपुर में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ऐसे चौकीदार हैं, जो चोरों को देश से बाहर भगाते हैं. और दूसरे चौकीदार तड़ीपार है, जिसे गुजरात में घुसने की मनाही थी. अपने सम्बोधन में उन्होंने डॉ रमन सिंह के बस्तर पहुंचने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक चौकीदार जगदलपुर भी पहुंचा है, हम कहते हैं कि ऐसा चौकीदार नान घोटाले में जनता के चावल का पैसा खा गया. वहीं डॉ. रमन सिंह के सीडी वाले बयान पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा कि सीडी कांड की जांच चल रही है तो रमन सिंह को दिन-रात वही दिख रहा है. उनके दामाद फंसे हुए हैं. बिना वेकेंसी के नियुक्ति व बिना टेंडर के निर्वाहन किया गया तो अब केवल एसआईटी ही दिख रहा है. रमन सिंह ने केवल अपने परिवार का हित किया है और छत्तीसगढ़ को छला है.
मुख्यमंत्री आगे ने कहा कि माओवादी समस्या गोली से नहीं बातचीत से हल किया जाएगा. लोकसभा चुनाव के बाद नक्सल समस्या पर सभी वर्गों से बातचीत कर हल निकाला जाएगा. सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा आबकारी मंत्री कवासी लखमा, बस्तर लोकसभा प्रत्याशी दीपक बैज व अन्य विधायक मौजूद थे. सभा के बाद दीपक बैज मुख्यमंत्री, आबकारी मंत्री व अन्य विधायकों के साथ नामांकन भरने गए.



