कवर्धा, । अक्षय तृतीया के शुभ मुर्हुत पर आगामी 7 मई को बड़ी संख्या में शादियां होगी। इस अवसर पर बाल विवाह नहीं हो, बाल विवाह की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने प्रभारी अधिकारी महिला एवं बाल विकास को विशेष निर्देश दिये है। कलेक्टर ने तेज धूप और भीषण गर्मी पड़ने के कारण भू-जल स्तर नीचे जाने से पेयजल एवं निस्तार की समस्या नहीं हो इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को हेण्डपंपों का रख-रखाव, नल-जल योजनाओं का बेहतर संचालन तथा सिंचाई जलाशयों से निस्तारी तालाबों को भरने के साथ ही सतत् रूप से निगरानी रखने के निर्देश दिये है।

उन्होंने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों सहित जिला चिकित्सालय एवं निजी चिकित्सालयों में अस्पतालों से निकलने वाले वेस्ट मटेरियल का समुचित निष्पादन करने के भी निर्देश दिये। इसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधकों और निजी चिकित्सालयों के संचालको को जिला चिकित्सालय में प्रस्तुतिकरण के जरिए आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिये।
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने समय-सीमा में निराकृत किये जाने वाले प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों का शत-प्रतिशत आधार सीडिंग तथा दिव्यांगजनों का यूडीआईडी बनाने, जल संरक्षण, फसल बीमा, ग्रीष्मकालीन खेल शिविरों का आयोजन सहित सभी आश्रम-स्कूलों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में प्राथमिकता के आधार पर बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने सभी बैंकों के परिसर में पार्किग की व्यवस्था और सभी एटीएम काउंटरों में गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस संबंध में लीड बैंक मैनेजर को पत्र जारी करने के लिए अपर कलेक्टर श्री जे.के.ध्रुव को आवश्यक निर्देश दिये।

उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, इसे ध्यान में रखते हुए मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण के दौरान धूप, गर्मी एवं लू से अपने बचाव का विशेष ध्यान रखें। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रकाश टंडन एवं श्री विनय सोनी सहित सभी डिप्टी कलेक्टर एवं विभाग प्रमुख उपस्थित थे।

Spread the love

You missed