कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

देखिए डी.एन. योगी की रिपोर्ट**

07 दिन में अंधे हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल**

पत्थर से की थी बेरहमी से हत्या, खून से सना पत्थर, बाइक और कपड़े बरामद

कबीरधाम/बोड़ला। कबीरधाम पुलिस ने महज 07 दिनों के भीतर अंधे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, मृतक की मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान उदय प्रताप सिंह राजपूत (34 वर्ष), निवासी जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और सीने पर गंभीर चोटों के कारण हत्या की पुष्टि होने पर थाना बोड़ला में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के निर्देशन में गठित पुलिस और साइबर टीम ने 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि मृतक आखिरी बार अपने मित्र हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ देखा गया था।

पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि 14 जुलाई को वह मृतक को शराब पीने और घूमने के बहाने भोरमदेव-चिल्फी घाटी की ओर ले गया था। रास्ते में मोटरसाइकिल से गिरने की बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने नायक ढाबा के पास पत्थर से सिर और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दोस्त की हत्या कर दी और उसकी बाइक लेकर फरार हो गया।

आरोपी के निशानदेही पर खून से सना पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और मृतक की मोटरसाइकिल (CG 07 BM 6475) बरामद कर जब्त कर ली गई। घटनास्थल का डेमो और वीडियोग्राफी भी कराई गई। 22 जुलाई 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक रुपक शर्मा, थाना बोड़ला की टीम, साइबर सेल कबीरधाम तथा थाना जामुल, जिला दुर्ग की संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय रही।

Spread the love

You missed