नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल के उपर जानलेवा हमला, सिर पर करीब 18, टांके लगाए गए मामला गंभीर लेकिन पुलिस के, कंट्रोल में कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ | डी.एन. योगी की रिपोर्ट

नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री पवन जायसवाल के उपर जानलेवा हमला,
सिर पर करीब 18, टांके लगाए गए
मामला गंभीर लेकिन पुलिस के, कंट्रोल में
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ | डी.एन. योगी की रिपोर्ट
कवर्धा में पान की दुकानों से लेकर राजनीति की गलियों तक गूंज रहा एक ही मामला…
कवर्धा शहर इन दिनों एक विवाद को लेकर चर्चा में है। शहर के पान ठेलों, चौक-चौराहों और मोहल्लों की गलियों में बस एक ही सवाल उठ रहा है—नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल और वार्ड क्रमांक 11 के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी चीकू जायसवाल के बीच आखिर हुआ क्या?
मामला एक किराए के मकान से शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते यह विवाद पूरे मोहल्ले से निकलकर राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल के मकान में करीब 6–7 परिवार किराए पर रहते हैं। इन्हीं किराएदारों में से एक चंद्रवंशी समाज के युवक के घर किसी लड़की के आने-जाने को लेकर मोहल्ले के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। धीरे-धीरे चर्चा बढ़ी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हालांकि बाद में यह बात सामने आई कि जिस लड़की को लेकर शंका जताई जा रही थी, वह युवक की बहन ही थी। यानी जिस बात को लेकर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए, वह उतनी गंभीर नहीं थी जितना माहौल बना दिया गया।
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक विवाद तब ज्यादा भड़क गया जब चीकू जायसवाल द्वारा पवन जायसवाल के मकान का वीडियो बनाया जाने लगा। पवन जायसवाल ने इसका विरोध किया तो मौके पर मौजूद भीड़ उग्र हो गई और देखते ही देखते कहासुनी झगड़े में बदल गई।
चर्चा यह भी है कि इसी दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसमें पवन जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट आई और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां करीब 18 टांके लगाए गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
पवन जायसवाल का आरोप है कि चीकू जायसवाल और उनके साथियों ने उन पर पत्थर से हमला किया।
वहीं चीकू जायसवाल का कहना है कि वह इस घटना में शामिल नहीं थे और उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
दोनों पक्षों ने थाने का दरवाजा खटखटाया है।
पवन जायसवाल ने चीकू जायसवाल सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जबकि चीकू जायसवाल ने भी थाने में आवेदन देकर अपना पक्ष रखा है।
शहर के लोग इस घटना को पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से भी जोड़कर देख रहे हैं। नगर पालिका चुनाव में वार्ड क्रमांक 11 से पवन जायसवाल और चीकू जायसवाल के बीच कड़ी टक्कर हुई थी, जिसमें पवन जायसवाल विजयी रहे थे और चीकू जायसवाल को हार का सामना करना पड़ा था।
तब से लेकर अब तक सफाई, कचरा और नगर पालिका के कामों को लेकर वीडियो बनाकर सवाल उठाने को लेकर दोनों के बीच तनातनी की चर्चा होती रही है।
अब इस ताजा घटना ने पुरानी राजनीतिक खटास को फिर से हवा दे दी है।
मोहल्ले में यह सवाल भी उठ रहा है कि
अचानक इतनी भीड़ वहां कैसे पहुंची?
किसने लोगों को बुलाया?
और माहौल को गरम करने के पीछे किसका हाथ था?
यह सब अब पुलिस जांच का विषय बन गया है।
फिलहाल मामला पुलिस के पास है और शहर के लोग यही उम्मीद कर रहे हैं कि जांच में सच्चाई सामने आए और बेवजह का विवाद खत्म हो।
क्योंकि कवर्धा की पान की दुकानों में फिलहाल एक ही बात कही जा रही है—
“मामला छोट था… लेकिन राजनीति और भीड़ ने उसे बड़ा बना दिया।”
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
रिपोर्ट – डी.एन. योगी



