उन्होंने प्राथमिक शाला घोंघा में बच्चों एवं शिक्षकों की उपस्थिति तथा पढ़ाई-लिखाई की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलदली के महिला वार्ड, पीएनसी रूम, प्रसव कक्ष आदि का निरीक्षण कर वहां की साफ-सफाई और चिकित्सक तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता के नियमित उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की सुरक्षित प्रसव एवं त्वरित सेवा के लिए शुरू किये गये बाईक एंबुलेंस को स्वयं चलाकर उसकी स्थिति का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श छात्रावास तरेगांव का निरीक्षण किया और छात्रावास परिसर में अतिरिक्त कमरों के अधूरे निर्माण कार्य को विभागीय मद से तत्काल प्रारंभ करने के लिए मौके पर उपस्थित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता व्ही.के.राम को निर्देश दिये। उन्होंने छात्रावास के कमरों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद सभी कमरों में पूर्व में हुए एल्युमिनियम तार वाली वायरिंग को बदलकर कॉपर तार वाली वायरिंग लगाने के निर्देश दिये, ताकि विद्युत आपूर्ति सही ढंग से हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजस्व बोड़ला विनय सोनी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास आशीष बनर्जी, तहसीलदार श्रीमती मधु हर्ष, सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला जे.आर.भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






