
नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने निर्माणाधीन पौनी पसारी बाजार का किया निरीक्षण
53 लाख 76 हजार की लागत से बन रहा 2 यूनिट पौनी पसारी बाजार
कवर्धा-पुराना जिला चिकित्सालय के सामने निर्माणाधीन पौनी पसारी बाजार का नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण कर उपस्थित इंजीनियर व ठेकेदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
गुणवत्ता का रखे ध्यान
पुराना जिला चिकित्सालय सामने राज्य प्रवर्तित पौनी पसारी योजनांर्तगत लघु बाजार का निर्माण शुरू हो चुका है नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने निरीक्षण कर निर्माण दिसंबर तक पूर्ण किये जाने को कहा। उन्होने ठेेकेदार को निर्देशित किया कि गुणवत्ता का ध्यान रखे तथा निर्माण पर पानी प्रतिदिन डाले। ताकि उसकी गुणवत्ता बनी रहे। उपअभियंता को निर्देश दिया कि जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कर लोगों को योजनाओं का लाभ दिये जाने को कहा।
परंपरागत व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा
नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने बताया कि कैबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर भाई के मंशानुरूप व राज्य सरकार की महत्तवपूर्ण योजना के तहत शहर में पुराना जिला चिकित्सालय के सामने 53 लाख 76 हजार की लागत से पौनी पसारी लघु बाजार का निर्माण किया किया जा रहा है। उन्होनें बताया कि कार्य प्रारंभ हो गया है अब जल्द ही निर्माण भी पूरा हो जायेगा। नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने बताया कि बढ़ते हुए शहरीकरण तथा मशीनों के अंधाधुंध उपयोग के कारण पौनी पसारी से संबंधित अधिकांश व्यवसाय शहरो में लुप्त होते जा रहे है उन्होनें बताया कि परंपरागत व्यवसायों तथा छत्तीसगढ़ की स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को जीवन्त करने एवं इससे स्थानीय समाज तथा बेरोजगारों के लिए व्यवसाय के अवसरों का सृजन करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य प्रवर्तित पौनी पसारी योजना, नवीन परिवेश में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा प्रारंभ की गई है।



