कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

देखिए डी. एन. योगी की रिपोर्ट**

सेजस कचहरी पारा कवर्धा में छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल, शिक्षा के प्रति बढ़ा उत्साह**

कवर्धा। शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) कचहरी पारा कवर्धा में शुक्रवार को कक्षा 9वीं की पात्र छात्राओं को राज्य शासन की योजना के तहत निशुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी रहे, जिन्होंने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ऊषा ठावरे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अतुल देव वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए घोषणा की कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में नगर स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को ₹5,000, जबकि द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विद्यालय का कोई विद्यार्थी NEET में चयनित होने पर उसे ₹11,000 का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्य अतिथि श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने छात्र-छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने छात्राओं से उनके गांवों की जानकारी लेते हुए कहा कि अब साइकिल मिलने से वे नियमित रूप से विद्यालय आकर अपनी शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती हैं।

वरिष्ठ व्याख्याता श्री प्रमोद शुक्ला ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि शासन की मध्यान्ह भोजन, निशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति एवं साइकिल वितरण जैसी योजनाओं ने बालिका शिक्षा को नई दिशा दी है। आज विद्यालयों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक होना इन योजनाओं की सफलता का प्रमाण है।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।

इस अवसर पर शाला विकास समिति के सदस्य एवं पार्षद श्री शंभू देवांगन, श्रीमती सुषमा उपाध्याय, श्री सोनू उपाध्याय, सदस्य श्री सनत तिवारी, श्री संजय मिश्रा, श्री नीलकमल सांडिल्य, डॉ. अतुल देव वर्मा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री लोकेश कुमार वैष्णव ने किया।

Spread the love

You missed