कवर्धादुर्ग

भाजपा ने जेटली के निधन पर जताया शोक

कवर्धा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामकुमार भट्ट ने पूर्व केंद्रीय वित्त एवं रक्षा मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री भट्ट ने जेटली के निधन को न केवल भाजपा, अपितु भारतीय राजनीति और देश की अपूरणीय क्षति बताया है।
श्री भट्ट ने कहा कि जेटली के निधन से पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपना मार्गदर्शक खो दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति के हर पहलू पर वे अपनी प्रखर, मुखर और तार्किक वक्तृता के बल पर हम सब को दिशा देते थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा श्री जेटली का समूचा जीवन आदर्शों की मिसाल है। संसद में अपने तार्किक वक्तृत्व से उन्होंने भाषायी गरिमा और विद्वत्ता का जो उच्चतम मानदंड स्थापित किया है, वह हम सबके लिए पाथेय है।
पूर्व विधायक पंडरिया व संसदीय सचिव मोतीराम चन्द्रवंशी ने कहा है कि श्री जेटली के निधन से पार्टी व देश की राजनीति ने विद्वान, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक खो दिया है। श्री जेटली आम लोगों की राहत के लिए प्रतिबद्ध थे और उन्होंने उनके लिए संवेदना का धरातल विकसित किया।
श्री चंद्रवंशी ने जेटली जी के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि पार्टी ने संकट के अवसरों का खेवनहार खो दिया। श्री जेटली की बौध्दिकता व कानून के ज्ञान के चलते पार्टी को अनेक संकट से बाहर निकालने में सहायता मिलती रही है। ऐसे व्यक्तित्व के खोने की भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने श्रध्दांजलि अर्पित करते हुए उनके आत्मा की शांति की कामना की।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विजय शर्मा ने श्री जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि काल के चक्र ने हमसे बेहतर मार्गदर्शक, पथ प्रदर्शक और कानून वेत्ता छिन लिया। जेटली जी एक व्यक्ति नही संस्था थे, इस क्षति की पूर्ति नही की जा सकती। उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की कामना की।
भाजपा जिला के सभी पार्टी-मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की।

मोहन कश्यप
संयोजक भाजपा मीडिया सेल कबीरधाम।

Spread the love

Related Articles

Back to top button