
नईदिल्ली : लोकसभा चुनाव के अंतिम दौर के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है. इसी क्रम में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मध्य प्रदेश की सियासत में एंट्री कर दी है. प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर थीं. इस दौरान वह उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद रतलाम और इंदौर में रोड शो भी किया. इस दौरान इंदौर में एक दिलचस्प वाकया हुआ जब उनके सामने मोदी-मोदी के नारे लगे.
दरअसल, इंदौर में रोड शो से पहले रास्ते में उनके काफिले को देखकर कुछ लोग जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे. इसे देख प्रियंका ने अपनी कार अचानक रुकवाई और उन लोगों से हाथ मिलाया और उन्हें कहा कि ‘आप अपनी जगह, मैं मेरी जगह ‘ऑल दी बेस्ट’. प्रियंका गांधी के इस वीडियो की सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है.
वहीं इससे पहले प्रियंका गांधी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर पहुंची जहां उन्होंने महाकाल का अभिषेक किया. जब बाहर निकलीं तो न्यूज 18 ने उनसे पूछा कि आपने भगवान से क्या मांगा. इस पर प्रियंका बोलीं कि मैंने भगवान का धन्यवाद किया, मैं भगवान से कुछ नहीं मांगती बल्कि उनका धन्यवाद करने मंदिर आती हूं.




