भावना दीदी की साइंस पाठशाला में ड्रोन, रोबोटिक्स और AI की दुनिया से रूबरू हुए विद्यार्थी** कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

भावना दीदी की साइंस पाठशाला में ड्रोन, रोबोटिक्स और AI की दुनिया से रूबरू हुए विद्यार्थी**
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट
पंडरिया। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा शुरू की गई “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” की पहली कार्यशाला पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ग्राम उड़ियाकला में आयोजित की गई। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 से 9 सितंबर तक आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 3D प्रिंटिंग सहित आधुनिक तकनीकों की बुनियादी जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के करीब 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के विशेष आग्रह पर उन्हें भी प्रशिक्षण में शामिल किया गया, जिसके चलते कार्यशाला में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
मोबाइल लैब से मिला आधुनिक तकनीक का अनुभव
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के लिए मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब के माध्यम से बस टूर का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने आधुनिक तकनीक से जुड़े विभिन्न मॉडल, प्रयोग और प्रदर्शनों को करीब से देखा तथा उनके बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान टेबलटॉप प्रदर्शनी के साथ STEM एवं फिजिक्स किट का प्रदर्शन भी किया गया। इलेक्ट्रॉनिक किट और फिजिक्स किट के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रयोगात्मक तरीके से समझाया गया। बच्चों ने स्वयं प्रयोग कर विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखते हुए उसे व्यवहारिक रूप में सीखने का अनुभव प्राप्त किया।
गांव के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना लक्ष्य
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि गांवों और शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें अवसर, संसाधन और सही मार्गदर्शन देने की है। इसी सोच के साथ “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” शुरू की गई है, ताकि पंडरिया विधानसभा के बच्चे ड्रोन, रोबोटिक्स, AI, STEM, 3D प्रिंटिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों को सीख सकें।
उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं रह सकती। बच्चों को प्रयोग, तकनीक और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। गांव का बच्चा भी भविष्य की तकनीकों को समझे, उनमें रुचि विकसित करे और आगे चलकर इन क्षेत्रों में करियर बनाने का सपना देखे—इसी दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है।
हर वर्ष 5 हजार विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस पहल के माध्यम से आने वाले समय में पंडरिया विधानसभा के शासकीय एवं शिशु मंदिर विद्यालयों के लगभग 5,000 विद्यार्थियों तक प्रतिवर्ष पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब के माध्यम से विद्यालय-विद्यालय जाकर बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंडरिया की प्रतिभाओं को अवसर देना प्राथमिकता है। साइंस पाठशाला के माध्यम से बच्चों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोग करने की क्षमता और नवाचार का आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। यही बच्चे आने वाले समय में पंडरिया की नई पहचान बनेंगे।
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ — डी एन योगी की रिपोर्ट




