कवर्धा

मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे पिकअप पर पंडरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई** 10 मवेशी बरामद, 3.70 लाख की संपत्ति जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार** कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहे पिकअप पर पंडरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई**

10 मवेशी बरामद, 3.70 लाख की संपत्ति जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार**

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

पंडरिया। अवैध पशु परिवहन एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना पंडरिया पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की तो उसमें 10 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर, बिना पर्याप्त चारा-पानी के कथित रूप से क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मवेशियों को सुरक्षित बरामद कर वाहन जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई 1 सितंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम नरसिंहपुर कला में बिरेन्द्र जांगड़े की दुकान के पास की गई। संदिग्ध पिकअप क्रमांक CG-09-JS-4877 को रोककर तलाशी लेने पर उसमें 10 मवेशी मिले।

चार आरोपी गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने अनिल पिता प्रताप कुर्रे (30), निवासी सोनपुरी, तथा लेखराज पिता गोपालीराम महिलांगे (38), बलदाऊ पिता रामप्रसाद चंद्राकर (45) और अजय पिता लखन चंद्राकर (23), तीनों निवासी बांधा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं, पशु क्रूरता अधिनियम तथा धारा 66/192 एमव्ही एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

3.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने 10 मवेशी, अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये, तथा पिकअप वाहन, कीमत करीब 3.50 लाख रुपये जब्त किया। इस प्रकार कुल लगभग 3.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

2026 में 14 मामलों में बड़ी कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक अवैध पशु/गौवंश तस्करी के 14 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इस दौरान 8 वाहन जब्त, 40 आरोपी गिरफ्तार किए गए तथा 137 गौवंश एवं अन्य पशुओं को अवैध तस्करी से बचाया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अजय सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पशु परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्ट — डी. एन. योगी

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ 📰

नोट: आरोपों और बरामदगी से संबंधित अंतिम तथ्य न्यायालयीन/आधिकारिक कार्रवाई के अनुसार निर्धारित होंगे।

Spread the love

Related Articles

Back to top button