जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर 4 जुलाई को झलमला में
सभी जिलाधिकारी लोकसंपर्क एक्सप्रेस से एक साथ जाएगें शिविर स्थल
सुबह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक ग्रामीणों से लिए जाएंगे आवेदन
कवर्धा। जिले के दूरस्थ वनांचल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए 4 जुलाई गुरूवार के बोड़ला विकासखंड के ग्राम झलमला में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तरीय सभी विभागों के अधिकारियों को लोक संपर्क एक्सप्रेस से एक साथ शिविर स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए है। जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर के
प्रभारी अधिकारी श्री विपुल गुप्ता ने सभी विभाग प्रमुखों को परिपत्र जारी कर शिविर स्थल के लिए एक साथ प्रस्थान करने के लिए सुबह 8.30 बजे कलेक्टर परिसर में एकत्रित होने को कहा है। शिविर स्थल पर सभी आवश्यक व्यावस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला को निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही तहसीलदार बोड़ला को आसपास के गांवों में कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर शिविर की जानकारी देने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सके। शिविर स्थल पर सुबह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक लोगों से आवेदन प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विभागों के कांउटर में आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।



