
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़**
15 नवंबर जनजातीय गौरव दिवस विशेष***
*भगवान बिरसा मुंडा: आदिवासी अस्मिता, संस्कृति के रक्षक और ‘धरती आबा’ की अमर गाथा**

धनंजय राठौर
संयुक्त संचालक, जनसंपर्क रायपुर
महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, जनजातीय गौरव के प्रतीक एवं “धरती आबा”—जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता के सजग प्रहरी भगवान बिरसा मुंडा जी ने अन्याय और विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज में स्वाभिमान और अधिकारों की अपूर्व चेतना जागृत की। अल्पायु में ही मातृभूमि, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका साहस, नेतृत्व और जनसेवा का भाव आज भी हमें सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
*स्वतंत्रता संग्राम के इस महानायक भगवान*
बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर को हुआ था। भारतीय इतिहास में “धरती आबा” (धरती पिता) के नाम से पूजे जाने वाले बिरसा मुंडा मात्र एक क्रांतिकारी नहीं थे, बल्कि वे आदिवासी चेतना, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के सबसे बड़े प्रतीक थे। 19वीं सदी के अंत में जब ब्रिटिश हुकूमत और जमींदार मिलकर आदिवासियों का भीषण शोषण कर रहे थे, तब बिरसा मुंडा ने एक ऐसी अलख जगाई जिसने अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिलाकर रख दी थी।
*प्रारंभिक जीवन और चेतना का उदय*
बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातु गांव में हुआ था। उनके जन्मदिन 15 नवंबर को हर साल ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उनका बचपन चाईबासा के जंगलों और खेतों में बीता। पढ़ाई के दौरान उन्होंने कुछ समय ईसाई मिशनरी स्कूल में दाखिला लिया, जहां उनका नाम ‘बिरसा डेविड’ रखा गया। स्कूल के दिनों में ही उन्होंने महसूस किया कि मिशनरी और ब्रिटिश व्यवस्था आदिवासियों की संस्कृति, भाषा और उनके पारंपरिक अधिकारों को नष्ट कर रही है। इसके बाद उन्होंने मिशनरी स्कूल छोड़ दिया और अपनी संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया।
*बिरसा संप्रदाय और सामाजिक सुधार*
सशस्त्र क्रांति से पहले बिरसा मुंडा ने समाज को भीतर से मजबूत करने का बीड़ा उठाया। उन्होंने देखा कि अंधविश्वास और नशे के कारण आदिवासी समाज कमजोर हो रहा है। उन्होंने आदिवासियों को केवल एक ईश्वर (सिंगबोंगा) की पूजा करने की सलाह दी। सामाजिक बुराइयों का अंत करने के लिए शराबबंदी, पशु बलि के विरोध और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। उनके इन सुधारवादी विचारों से प्रभावित होकर हजारों लोग उनके अनुयायी बन गए और उन्हें प्यार से “धरती आबा” कहने लगे।
*उलगुलान: महान विद्रोह और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’*
‘उलगुलान’ मुंडारी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ है—महान उथल-पुथल या विद्रोह। यह आंदोलन ब्रिटिश सरकार और ‘दिकू’ (बाहरी शोषक, जमींदार और सूदखोर) नीति के खिलाफ था, जो आदिवासियों की ज़मीनें छीन रहे थे। बिरसा मुंडा ने सिंहभूम और रांची के जंगलों में आदिवासियों को एकजुट किया और ऐतिहासिक नारा दिया—”अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना” (अर्थात—अब हमारा राज शुरू हो गया है और महारानी का राज खत्म हो गया है।)
मुंडा तीर-कमान और पारंपरिक हथियारों से लैस होकर ब्रिटिश चौकियों, थानों और जमींदारों पर गुरिल्ला युद्ध के माध्यम से हमला करते थे। डोम्बारी पहाड़ी का युद्ध इस आंदोलन का एक ऐतिहासिक केंद्र बना। 1 अक्टूबर 1894 को बिरसा ने जन अधिकारों की रक्षा के लिए हुंकार भरी और अवैध जमींदारी के विरोध में लगान माफी आंदोलन का सूत्रपात किया। अंग्रेजी सरकार ने इसे खुली चुनौती मानते हुए 1895 में उन्हें बंदी बना लिया और 2 वर्ष के कारावास का दंड दिया। रिहाई के बाद उन्होंने शांत बैठने के बजाय छोटानागपुर क्षेत्र में अकाल और महामारी से पीड़ित जनमानस की सेवा की। उन्होंने “अबुआ दिशुम, अबुआ राज” (हमारा देश, हमारा राज) का अमर उद्घोष कर सोए हुए समाज में नई चेतना का संचार किया।
*महानायक का बलिदान और ऐतिहासिक परिणाम*
1897 से 1900 के मध्य उन्होंने ब्रिटिश सत्ता के विरुद्ध गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाई। उनके बढ़ते प्रभाव से अंग्रेज अधिकारी और शोषक वर्ग भयभीत हो उठा। 24 दिसंबर 1899 को आंदोलन के उग्र होने पर अंग्रेजी सेना ने “डोम्बारी बुरु पहाड़ी” पर निहत्थे आदिवासियों पर बर्बरतापूर्वक गोलीबारी की। आदिवासियों ने अदम्य साहस दिखाया, किंतु तीर-कमान आधुनिक हथियारों के आगे अधिक समय तक टिक नहीं सके।
आखिरकार, अंग्रेजों ने षड्यंत्र रचते हुए बिरसा मुंडा पर इनाम घोषित किया और मार्च 1900 में चक्रधरपुर के जामकोपाई जंगल से सोते समय उन्हें धोखे से गिरफ्तार कर लिया गया। मात्र 24-25 वर्ष की अल्पायु में 9 जून 1900 को रांची जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में (अंग्रेजों के अनुसार हैजे से, किंतु इतिहासकारों और जनमानस द्वारा विष दिए जाने की आशंका के बीच) उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी इस शहादत का परिणाम यह हुआ कि अंग्रेजों को आदिवासियों की जमीन की रक्षा के लिए छोटा नागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 (CNT Act) कानून बनाने पर विवश होना पड़ा, जिसने बाहरी लोगों द्वारा आदिवासी जमीन खरीदने पर रोक लगाई।
धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन हमें सिखाता है कि जब बात अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की हो, तो संसाधनों की कमी कभी भी हौसलों को डिगा नहीं सकती। “जल, जंगल और ज़मीन” की रक्षा के लिये अंग्रेज़ी हुकूमत के विरुद्ध उनके जनआंदोलन ने जनजातीय गौरव की अमिट ज्योति प्रज्वलित की है। 2021 में केंद्र सरकार द्वारा 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया जाना इन महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की सेवाओं के प्रति राष्ट्र की सच्ची कृतज्ञता है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए त्याग, शौर्य और अद्वितीय देशभक्ति की हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।




