कवर्धा

अंग्रेजों के खिलाफ साइक्लोस्टाइल मशीन से बांटे थे बुलेटिन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समारूराम महोबिया को दी श्रद्धांजलि** कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

अंग्रेजों के खिलाफ साइक्लोस्टाइल मशीन से बांटे थे बुलेटिन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समारूराम महोबिया को दी श्रद्धांजलि**

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

कवर्धा। सितंबर माह के प्रथम रविवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम जिला द्वारा भारतमाता चौक कवर्धा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय समारूराम महोबिया की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम श्री जितेंद्र रघुवंशी, राष्ट्रीय महासचिव, कनखल हरिद्वार के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतमाता की प्रतिमा एवं स्वर्गीय समारूराम महोबिया के तैलचित्र पर गुलाल का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर भारतमाता की आरती की गई। “भारत माता की जय”, “महात्मा गांधी की जय”, “वंदे मातरम्”, “सुभाषचंद्र बोस अमर रहें” और “समारूराम महोबिया अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

संस्था के अध्यक्ष डाॅ. नरेश कुमार यदु ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में संस्था द्वारा लगातार श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और यह कबीरधाम जिले का दसवां कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत दिसंबर 2025 से हुई थी, जिसकी प्रेरणा बिलासपुर में आयोजित सेनानी उत्तराधिकारी राज्य स्तरीय सम्मेलन से मिली।

अंग्रेजों से छिपकर किया था आजादी का प्रचार

संस्था के कोषाध्यक्ष श्री महेश महोबिया ने अपने पिता स्वर्गीय समारूराम महोबिया के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को याद करते हुए बताया कि उनका जन्म 7 नवंबर 1909 को छुईखदान में हुआ था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्हें प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर प्यारेलाल का सानिध्य प्राप्त हुआ।

8 अगस्त 1942 के बंबई कांग्रेस अधिवेशन में महात्मा गांधी के “करो या मरो” के आह्वान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए विस्तृत जानकारी वाला बुलेटिन जारी किया गया था। इस बुलेटिन की प्रतियां तैयार करने के लिए समारूराम महोबिया साइक्लोस्टाइल मशीन लेकर छुईखदान से रायपुर पहुंचे।

रायपुर में अंग्रेजों से बचते हुए बुलेटिन की सैकड़ों प्रतियां तैयार की गईं। इसके बाद वे छुईखदान लौटे और आम स्थानों, सार्वजनिक भवनों एवं स्कूल भवनों आदि में बुलेटिन की प्रतियां चिपकाकर लोगों तक स्वतंत्रता आंदोलन का संदेश पहुंचाते रहे।

इसी दौरान अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 11 अक्टूबर 1942 को न्यायालय द्वारा भारतीय दंड विधान की धारा 17(2) एवं 38(5), डिफेंस ऑफ इंडिया रूल्स के तहत तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई। उनके साथ अमृतलाल महोबिया एवं पूनमचंद सांकला को भी तीन वर्ष की सजा दी गई थी।

जंगल सत्याग्रह में भी निभाई सक्रिय भूमिका

स्वर्गीय समारूराम महोबिया ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जंगल सत्याग्रह आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसके चलते उन्हें छह माह जेल में रहना पड़ा। स्वतंत्रता दिवस की रजत जयंती के अवसर पर वर्ष 1973 में राज्य शासन द्वारा ताम्रपत्र भेंट कर उनका सम्मान किया गया था।

अध्यक्ष डाॅ. नरेश कुमार यदु ने कहा कि देश की आजादी के पीछे हजारों स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है। उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संस्था ने निर्णय लिया कि अगला श्रद्धांजलि कार्यक्रम कबीरधाम जिले के ग्राम झिरोनी में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर डाॅ. नरेश कुमार यदु अध्यक्ष, इंजीनियर एस.एस. जैन उपाध्यक्ष, नरोत्तम महोबिया सचिव, महेश महोबिया कोषाध्यक्ष, सियाराम महोबिया सह सचिव, गुरुप्रसाद शर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 रिपोर्ट: डी एन योगी

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

Spread the love

Related Articles

Back to top button