कवर्धा में पहली बार जिला स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता का ऐतिहासिक आयोजन, 550 खिलाड़ियों ने दिखाया दम**

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

कवर्धा | 30 जुलाई।

जिला कबीरधाम में पहली बार आयोजित प्रथम जिला स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य एवं ऐतिहासिक समापन पी.जी. कॉलेज इंडोर स्टेडियम (डोम) में हुआ। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन एवं सहयोग तथा जिला कूड़ो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों, खेल अकादमियों और प्रशिक्षण केंद्रों से लगभग 550 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पहली बार आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि बिसेसर पटेल (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग) ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और स्वस्थ जीवन का आधार हैं तथा युवाओं को खेलों के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना चाहिए।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला क्रीड़ा अधिकारी, खेल अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों एवं संगठनों के पदाधिकारियों सहित कूड़ो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के राज्य अध्यक्ष राजा कौशल, राज्य सचिव मनीष साहू एवं राज्य कोषाध्यक्ष भूपत साहू भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को कूड़ो के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवसरों तथा आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराया।

अतिथियों ने बताया कि कूड़ो जापान से विकसित आधुनिक मिश्रित मार्शल आर्ट है, जिसमें कराटे, जूडो, जिउ-जित्सु और कुश्ती जैसी विधाओं की तकनीकों का समावेश है। यह खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और आत्मरक्षा की भावना विकसित करता है।

यह सफल आयोजन जिला कूड़ो एसोसिएशन कबीरधाम के जिला अध्यक्ष निगेश्वर नाथ योगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन की सफलता में जिला एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजन समिति ने सभी विद्यालयों, खेल अकादमियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, निर्णायकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कूड़ो प्रतियोगिताओं के आयोजन का संकल्प भी व्यक्त किया।

कवर्धा के पी.जी. कॉलेज इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रथम जिला स्तरीय कूड़ो प्रतियोगिता 2026-27 के समापन अवसर पर अतिथियों के साथ विजेता खिलाड़ी एवं आयोजन समिति।

Spread the love

You missed