कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिए डी.एन. योगी की रिपोर्ट** डबरी पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव पर घमासान! परिणाम पर उठे गंभीर सवाल, ग्रामीणों ने मांगा प्रशासन से जवाब** पंडरिया/कबीरधाम। जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरी में सरपंच के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव अब विवादों में घिर गया है। मतदान के बाद घोषित परिणाम को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं तथा पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत में 13 पंच एवं 1 सरपंच सहित कुल 14 मत हैं। मतदान में सरपंच चंद्रकांता योगेश जांगड़े के पक्ष में 4 मत जबकि अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 10 मत पड़े। बताया जाता है कि मतदान प्रक्रिया पूरी कराने पहुंचीं तहसीलदार राजश्री पाण्डेय ने मौके पर मौजूद लोगों के बीच यही आंकड़े बताए। इसके बाद उन्होंने सरपंच को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में पंचायत का कार्य बेहतर ढंग से संचालित करने की बात कही। इसी के बाद पूरे मामले को लेकर विवाद गहराने लगा। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान के बाद उपस्थित पंचों और जनप्रतिनिधियों को परिणाम की कोई लिखित प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर संदेह पैदा हो गया है। कुछ लोगों ने राजनीतिक दबाव में गड़बड़ी की आशंका भी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 10 मत प्राप्त हुए हैं, तो उसकी विधिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। उनका कहना है कि प्रशासन आधिकारिक परिणाम और उसके कानूनी आधार को सार्वजनिक करे, ताकि सभी प्रकार की शंकाएं दूर हो सकें। मामले में पक्ष जानने के लिए तहसीलदार राजश्री पाण्डेय से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संदीप ठाकुर से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल ग्राम पंचायत डबरी में अविश्वास प्रस्ताव का परिणाम चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण या लिखित आदेश जारी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। (नोट: यह समाचार उपलब्ध जानकारी, स्थानीय सूत्रों एवं संबंधित पक्षों से संपर्क के प्रयास के आधार पर तैयार किया गया है। प्रशासन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।) Spread the love Post navigation केरल के पंडितों द्वारा भोरमदेव मंदिर में 25 जुलाई से चल रहा है माहा अनुष्ठान** , यह अनुष्ठान मुख्यमंत्री विष्णु देव के द्वारा करवाया जा रहा है**? मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की मंगलकामना* कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ *भोरमदेव से शिवभक्ति का संदेश: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधायक भावना बोहरा ने किया UNA Music के पहले भक्ति गीत का विमोचन* कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़