कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

देखिये डी. एन. योगी की रिपोर्ट**

झोलाछाप डॉक्टर को बचाने में जुटा स्वास्थ्य विभाग?**

शिकायत, जांच और बयान के बाद उठे गंभीर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग तेज**

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम लालपुर कला में कथित झोलाछाप चिकित्सा के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिकायतकर्ता द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने के बाद गठित जांच समिति की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है।

दस्तावेजों के अनुसार 17 जून 2026 को शिकायतकर्ता रामेश्वर ठाकुर ने आरोप लगाया कि परसराम साहू बिना वैध चिकित्सकीय पंजीयन एवं क्लीनिक संचालन की अनुमति के मरीजों का इलाज कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया कि उपचार के दौरान ब्लड प्रेशर एवं शुगर जांच के बाद ड्रिप, इंजेक्शन और दवाइयां दी गईं तथा 350 रुपये भी लिए गए। आरोप है कि उपचार के बाद उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद जिला अस्पताल सहित अन्य चिकित्सकों से इलाज कराना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए 23 जून 2026 को पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई और सात दिनों में प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए गए।

लेकिन 1 जुलाई 2026 को एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार के लिखित बयान के आधार पर यह कहा गया कि वे गांव में प्राथमिक उपचार करते हैं तथा परसराम साहू उनके सहयोगी हैं और किसी मरीज से कोई शुल्क नहीं लेते। इसी आधार पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत का निराकरण दर्ज कर दिया गया।

ग्रामीणों ने उठाए कई गंभीर सवाल

ग्रामीणों और शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि गांव में नियमित रूप से एमबीबीएस चिकित्सक द्वारा उपचार किया जा रहा था, तो—

क्लिनिक का पंजीयन क्यों प्रदर्शित नहीं था?

चिकित्सक की नाम पट्टिका और पंजीयन नंबर क्यों नहीं लगे थे?

दवा वितरण एवं उपचार संबंधी वैधानिक दस्तावेज मौके पर क्यों उपलब्ध नहीं थे?

बिना भौतिक सत्यापन और दस्तावेजी जांच के केवल एक बयान के आधार पर शिकायत का निराकरण कैसे कर दिया गया?

ग्रामीणों का आरोप है कि इतने गंभीर मामले में भौतिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाने के बजाय केवल लिखित बयान के आधार पर कार्रवाई समाप्त कर देना जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।

सबसे बड़ा सवाल

क्या स्वास्थ्य विभाग झोलाछाप चिकित्सा पर कार्रवाई करने के बजाय संबंधित लोगों को बचाने की कोशिश कर रहा है?

अब पूरे जिले की नजर इस बात पर है कि मामले की निष्पक्ष पुनः जांच होगी या यह प्रकरण भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

 संपादक : डी. एन. योगी

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

Spread the love

You missed