देश

WikiLeaks का सह-संस्थापक Julian Assange लंदन में गिरफ्तार

लंदन : विकीलीक्स के सह-संस्थापक जूलियन असांजे को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका सरकार को शर्मिंदा करने वाले गुप्त दस्तावेजों को जारी किया था। गुरुवार को लंदन के इक्वाडोर दूतावास से निकाले जाने के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

वह इक्वाडोर के दूतावास में करीब सात साल से रह रहे थे। असांजे का 3 मीटर बाय 6 मीटर का कमरा एक स्टूडियो अपार्टमेंट था। वहां एक नीचे बिछाने वाला बिस्तर, फोन, सन लैम्प, कम्प्यूटर, शावर, ट्रेडमिल और किचन था। वह स्पीच देने के लिए कभी-कभी बालकनी में आते थे, लेकिन उन्होंने कभी भी दूतावास के बाहर कदम नहीं रखा था।

उन्हें कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थी। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक बयान में कहा कि अदालत में आत्मसमर्पण करने में विफल रहने पर साल 2012 में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट ने जारी वारंट के आधार पर अधिकारियों ने असांजे को दूतावास से गिरफ्तार किया।

संयुक्त राज्य अमेरिका के न्याय विभाग ने 47 वर्षीय असांजे के खिलाफ क्लासीफाइड दस्तावेजों के प्रकाशन के लिए आपराधिक आरोप लगाए थे। असांजे पर साल 2016 में हुए अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में क्लिंटन कैंपेन और डेमोक्रेटिक पार्टी के कंप्यूटरों से चोरी की गई सामग्री को जारी करके रूसी हस्तक्षेप की मदद करने का भी संदेह है।

 जुलाई में न्याय विभाग ने उन कंप्यूटरों को हैक करने के मामले में 12 रूसी खुफिया अधिकारियों को आरोपित किया था और अभियोजन पक्ष का तर्क है कि उनमें से कम से कम एक विकीलीक्स के संपर्क में था। बताते चलें कि असांजे ने विकीलीक्स की वेबसाइट पर इराक युद्ध से जुड़े चार लाख दस्तावेज सार्वजनिक किए थे। इसके जरिए उन्होंने अमेरिका, इंग्लैंड और नाटों की सेनाओं पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया था।
Spread the love

Related Articles

Back to top button