कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिए डी.एन. योगी की रिपोर्ट रानी मिस्त्रियों से प्रधानमंत्री आवास निर्माण को मिलेगी गति – सीईओ अभिषेक अग्रवाल

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
देखिए डी.एन. योगी की रिपोर्ट
रानी मिस्त्रियों से प्रधानमंत्री आवास निर्माण को मिलेगी गति – सीईओ अभिषेक अग्रवाल
कवर्धा। कबीरधाम जिले में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट उन्नति के तहत महिलाओं को रानी मिस्त्री का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के ग्राम राम्हेपुर में 35 महिलाओं को 30 दिवसीय प्रशिक्षण 18 फरवरी से 20 मार्च तक दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को निर्माण कार्यों में दक्ष बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
कलेक्टर कबीरधाम श्री गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार आरसेटी द्वारा यह प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों में तेजी लाने के लिए ग्रामीण महिलाओं को राजमिस्त्री का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत पंडरिया और बोड़ला क्षेत्र में रानी मिस्त्री प्रशिक्षण के दो बैच पहले ही पूर्ण हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में सहसपुर लोहारा क्षेत्र में 35 महिलाओं का प्रशिक्षण जारी है। प्रशिक्षण के बाद महिला राजमिस्त्री स्वयं अपने आवास का निर्माण कर सकेंगी और अन्य आवासों के निर्माण कार्यों में भी सहयोग देकर योजना के लक्ष्यों को जल्द पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ईंट जोड़ाई, माप-जोख, सीमेंट-रेत अनुपात, प्लास्टरिंग, दीवार निर्माण, वाटर लेवल सेटिंग, सुरक्षा उपाय और निर्माण गुणवत्ता नियंत्रण जैसी तकनीकी जानकारियां व्यावहारिक रूप से सिखाई जा रही हैं। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी जा रही है।
महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत प्रशिक्षण अवधि में प्रत्येक महिला को 261 रुपये प्रतिदिन के मान से प्रोत्साहन राशि भी उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। इसके अलावा आरसेटी केंद्र कवर्धा द्वारा प्रत्येक प्रशिक्षु को रानी मिस्त्री कार्य के लिए आवश्यक सेफ्टी टूलकिट भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को गांव में ही रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने में भी मदद मिलेगी।
कबीर क्रांति न्यूज़ – आपके आसपास की हर बड़ी खबर




