कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट शब-ए-क़द्र की रात इबादत और रहमत की रात : हनीफ खान

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट
शब-ए-क़द्र की रात इबादत और रहमत की रात : हनीफ खान
कवर्धा। पवित्र रमज़ान माह के अंतिम अशरे में आने वाली शब-ए-क़द्र को इस्लाम धर्म में सबसे पाक और फज़ीलत वाली रात माना जाता है। इस अवसर पर जामा मस्जिद कवर्धा के मुतवल्ली हनीफ खान ने मुस्लिम समाज से अधिक से अधिक इबादत करने और अल्लाह की रहमत हासिल करने की अपील की है।
हनीफ खान ने बताया कि इस्लामी मान्यता के अनुसार शब-ए-क़द्र की रात हजार महीनों से भी बेहतर मानी गई है। इस मुबारक रात में अल्लाह तआला अपने बंदों पर विशेष रहमत और बरकतें नाज़िल करता है तथा सच्चे दिल से मांगी गई दुआओं को कबूल फरमाता है।
उन्होंने कहा कि रमज़ान के आखिरी दस दिनों में आने वाली इस खास रात का बहुत महत्व है। इसलिए मुसलमानों को चाहिए कि वे पूरी श्रद्धा और लगन के साथ नमाज़, कुरआन शरीफ की तिलावत, जिक्र-अज़कार और तौबा-इस्तिग़फार में अधिक समय बिताएं।
हनीफ खान ने कहा कि यह रात आत्ममंथन और आत्मशुद्धि का भी अवसर होती है। इस दौरान अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगनी चाहिए और नेक रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही जरूरतमंदों की मदद करना, सदका-खैरात देना और समाज में प्रेम व भाईचारे का संदेश फैलाना भी इस पवित्र महीने की अहम सीख है।
उन्होंने शहर और जिले के मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि शब-ए-क़द्र की मुबारक रात में अधिक से अधिक इबादत करें, मस्जिदों में नमाज़ अदा करें और अपने घरों में भी कुरआन की तिलावत और दुआ का सिलसिला जारी रखें। साथ ही देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए भी दुआ करने की अपील की।
बताया गया कि जामा मस्जिद कवर्धा में भी शब-ए-क़द्र की रात विशेष इबादत, तरावीह और कुरआन तिलावत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल होंगे। मस्जिद प्रबंधन द्वारा साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अंत में हनीफ खान ने कहा कि रमज़ान का महीना सब्र, संयम और मानवता की सेवा का संदेश देता है। इस पवित्र महीने में की गई इबादत और नेक कामों का सवाब कई गुना बढ़ जाता है, इसलिए हर व्यक्ति को इस अवसर का लाभ उठाकर अपने जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।



