रायपुर : अनियमित कर्मचारियों ने आज राजधानी में शक्ति प्रदर्शन किया और सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाये। वादाखिलाफी का आरोप लगातार अनियमित कर्मचारियों ने आज मुख्यमंत्री निवास के घेराव का ऐलान किया था, लेकिन सीएम हाउस के काफी पहले ही उन्हें बैरिकेट लगाकर रोक दिया गया। अनियमित कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर विचार किया गया और नियमितिकरण की दिशा में सरकार ने कदम नहीं बढ़ाया तो वो चुनाव कार्य का बहिष्कार करेंगे और सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन को और तेज करेंगे। वहीं 27 फरवरी को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपेंगे। सरकार पर आरोप लगाते हुए अनियमित कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इस बात का वादा किया था कि सरकार बनी तो अनियमित कर्मचारी को नियमित किया जायेगा, लेकिन दो महीने गुजर जाने के बाद भी कर्मचारियों की नियमितिकरण की दिशा में सरकार बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ पायी है। संयुक्त प्रगतिशील कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू और प्रदेश प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि अभी आंदोलन जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री विजय कुमार झा ने बताया कि सेवानिवृत्त संविदा में कार्यरत अधिकारी/कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के पश्चात संविदा, दैनिक वेतन भोगी, प्लेसमेंट, जॉबदर, अंशकालीन, कलेक्टर दर पर कार्यरत कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाता है तो इससे सरकार पर किसी भी प्रकार का वित्तीय भार नहीं आएगा। शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवलाल भारती का कहना है कि जब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती तब तक सभी अनियमित कर्मचारियों को निकाले जाने का भय समाप्त कर 62 वर्ष नौकरी करने का अवसर, तुरंत प्रदान किया जाना चाहिए। Spread the love Post navigation 19 मवेशियों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार सुरक्षाबलों ने 2 आतंकी किए ढेर, डीएसपी सहित 2 शहीद