निर्माण कार्य प्रगति नहीं मिलने पर निर्माण एंजेसियों पर कड़ी नाराजगी जताई
कवर्धा,। कबीरधाम जिले के विकास के लिए स्वीकृत नए कार्य, पंडरिया से बागाज मार्ग, कुकदूर विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के बच्चों के लिए बन रहे 500 सीटर बालक,बालिका आवासीय शिक्षा परिसर, निर्माणाधिन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द भवन का कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री विजय दयाराम के साथ संयुक्त रूप से अवलोकन किया। कलेक्टर श्री शरण ने 500 सीटर बैगा आवासीय शिक्षा परिसर की प्रगति ठीक नहीं होने पर निर्माण एंजेसी के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। वही कुकदूर में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने दुल्लापुर में संचालित कस्तुरबा गांधी आवासीय शिक्षा परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बच्चों और संस्था प्रमुख की मांग पर शिक्षा और संसाधानों में बढ़ौती करते हुए दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति दी। कलेक्टर ने घुटूरकुण्डी हायरसेकेंडरी स्कूल में चल रहे प्री बोर्ड परीक्षा का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। चर्चा के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने सहित अनेक महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। निरीक्षण के दौरान पंडरिया एसडीएम श्री प्रकाश टण्डन, जनपद सीईओ श्री सोनवानी, पीडब्लूडी एसडीओ और बीएमओ सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ और मध्यमप्रदेश को आपस में जोड़ने वाली पंडरिया-बागाज मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। पंडरिया-बागाज मार्ग मध्यमप्रदेश और छत्तीसगढ़ को आपस से जोड़ने वाली स्टेट हाईवे है। इसकी कुल लम्बाई 35 किलोमीटर है। लगभग 129 करोड़ की लागत से यह मार्ग बनाई जा रही है। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने आज जिले के बैगा आदिवासी बाहूल पंडरिया विकासखण्ड के सूदूर वनांचल ग्रामों के स्कूल,आंगनबाड़ी स्वास्थ्य केन्द्र सहित पंचायत ग्रामीण विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान इस बहुप्रतिक्षित मार्ग के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। कलेक्टर श्री शरण ने वनांचल क्षेत्र कुकदूर में जिले के विशेष बैगा बच्चों के लिए 14 करोड़ रूपए की लागत से निर्माणाधीन 500 सीटर बालक और बालिका आवासीय शिक्षा परिसर का भी अवलोकन किया। राज्य सरकार द्वारा जिले के बैगा बालक और बालिका दोनों को शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए दो अलग-अलग 250-250 कुल 500 सीटर के आवासीय शिक्षा परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह जिले के स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत स्थाई विस्तार करते हुए कुकदूर में लगभग तीन करोड़ की लागत से नए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री शरण ने इस भी निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के लिए संबंधित निर्माण एजेंसियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता को विशेष ध्यान में रखते हुए समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करे।