कवर्धा,  कलेक्टर अवनीश कुमार शरण द्वारा जिले के समस्त किसानों को फसल बीमा की परिधि में शामिल होने के आह्वान कर चारो विकासखंडों हेतु कृषि बीमा रथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह बताया गया कि प्राकृतिक आपदाओं, कीट एवं रोगों के परिणाम स्वरूप अधिसूचित फसलों के नष्ट होने की स्थिति में किसानों को बीमा कवरेज और नुकसान की भरपाई करने हेतु शासन द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरूआत की गई है। जारी अधिसूचना अनुसार सभी ऋणी अऋणी किसानों से बैंक या प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी समिति या लोक सेवा केंद्र या ऑनलाईन पंजीयन या बीमा अभिकर्ता से बीमा प्रस्ताव प्राप्त करने एवं प्रीमियम कटौती करने की अंतिम तिथि रबी फसलों हेतु 31 दिसंबर 2019 है।

चना के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 31 हजार 500 और किसान द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर 475.50 रूपये, सिंचित गेंहू के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 33 हजार और किसान द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर 495 रूपये, असिंचित गेंहू के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 20 हजार और किसान द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर 300 रूपये, राई-सरसों के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 20 हजार और किसान द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर 300 रूपये और अलसी के लिए बीमित राशि प्रति हेक्टेयर 12 हजार 500 और किसान द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर 187.50 रूपये निर्धारित है। सभी फसलों के लिए ’’बीमा इकाई ग्राम’’ निर्धारित किया गया है। योजनांतर्गत ऋणी कृषक अनिवार्य रूप से एवं अऋणी कृषक ऐच्छिक रूप से लाभ ले सकते हैं। कबीरधाम जिले में एच.डी.एफ.सी. ईरगो इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा बीमा का कार्य किया जा रहा है। किसान योजना की अधिक जानकारी एवं समस्या निवारण हेतु कृषि विभाग, बीमा एजेंसी एवं अपने बैंक की शाखा से संपर्क कर अंतिम तिथि तक अपनी फसल का बीमा अवश्य करा लेवें। इस अवसर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजय दयाराम के., अपर कलेक्टर श्री जे.के.ध्रुव, सहायक संचालक कृषि श्री मोरध्वज डड़सेना, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) (सर्व), नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, तहसीलदार (सर्व), वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (सर्व), एच.डी.एफ.सी. ईरगो इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के राज्य एवं जिला प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे।

Spread the love

You missed