
कवर्धा । नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2019 के पार्षद पदों के निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांति पूर्ण निर्वाचन कार्य संपादित करने के लिए नगर पालिका कवर्धा और पिपरिया तथा सहसपुर लोहारा नगर पंचायतों में मतगणना तथा मतदान कार्य के बाद मतों की पेटी सुरक्षित रखने के लिए स्ट्रांग रूम के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है। कवर्धा नगर पालिका के लिए स्ट्रांग रूम तथा मतगणना स्थल के लिए आचार्यपंथ श्री ग्रंथ मुनि नाम साहेब पीजी काॅलेज का चयन किया गया है। इसी प्रकार पिपरिया और सहसपुर लोहारा नगर पंचायतों के लिए स्थानीय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का चयन किया गया है। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने आज इन तीनों नगरीय निकायों के निर्वाचन कार्योें की तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में इन तीनों शासकीय भवनों का अवलोकन किया। कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक डाॅ. लाल उम्मेद सिंह ने भी सुरक्षा की दृष्टि से इन तीनों स्थलों का मुआयाना किया और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नगरीय निकायों के पार्षदों के निर्वाचन के लिए मतदान की तिथि 21 दिसम्बर को प्रात 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा और मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा की तिथि 24 दिसम्बर को निर्धारित की गई है। कवर्धा नगर पालिका में 27 वार्डों में पार्षदों का निर्वाचन होना है। इसके लिए कवर्धा में कुल 49 मतदान केन्द्र बनाए गए है। कवर्धा नगर पालिका में कुल 36107 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस मतदाताओं में पुरूष मतदाता 17984, महिला मतदाता 18123 है। इसी प्रकार पिपरिया और सहसपुर लोहारा नगर पंचायतों में 15-15 वार्डों पर पार्षदों का निर्वाचन कार्य संपादित किए जाएंगे। पिपरिया में कुल मतदाता की संख्या 3608 हैं, जिसमें पुरूष मतदाता 1766 और महिला मतदाता की संख्या 1842 है। यहां 15 मतदान केन्द्र बनाए गए है। इसी प्रकार सहपुर लोहारा नगर पंचायत में 15 वार्ड पार्षदों का निर्वाचन होना है, इसके लिए 15 मतदान केन्द्र बनाए गए है। यहां कुल मतदाता की संख्या 5562 है, जिसमें पुरूष मतदाता 2728 और महिला मतदाता 2834 है। आज निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, कवर्धा एसडीएम श्री विपुल गुप्ता और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



