कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ *स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनगाथा का चिरस्थाई स्मारक बनेगा – मुख्य अतिथि ने दिया आश्वासन*

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
*स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनगाथा का चिरस्थाई स्मारक बनेगा – मुख्य अतिथि ने दिया आश्वासन*
*डॉ. नरेश यदु, अध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम सम्मानित*
मुंगेली – स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था, मुंगेली द्वारा ससम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन दिनांक 02.10.26 को मुंगेली में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पुन्नूलाल मोहले, पूर्व मंत्री व विधायक मुंगेली ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुंगेली जिले का देवरी ग्राम देश का एकमात्र ऐसा ग्राम है जहाँ कुल 22 स्वतंत्रता सेनानी परिवार निवासरत हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों की सचित्र जीवनगाथा सहित चिरस्थाई स्मारक बनाने का आश्वासन देते हुए आयोजक समिति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पूर्व विधायक श्री राजमहंत सांवलाराम डाहरे ने कहा कि उनके द्वारा समाज के स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन परिचय से संबंधित पुस्तक प्रकाशित की गई है और जो जीवन परिचय छूट गए हैं, उन्हें भी प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश बाजपेयी, पूर्व विधायक ने संगठन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी दी, वे धर्म, जाति, सम्प्रदाय और राजनीतिक पार्टी से ऊपर थे।
डॉ. नरेश यदु, अध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज देश की दो महान विभूतियों – महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी का जन्मदिन है। महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे। पूरे विश्व में 80 से अधिक देशों में उनकी प्रतिमा स्थापित है और 102 देशों ने उनकी स्मृति में डाक टिकट जारी किया है।
उक्त कार्यक्रम में रायपुर, बेमेतरा, बिलासपुर, कबीरधाम, मुंगेली, गरियाबंद जिलों के लगभग 150 सेनानी परिवार उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुराना बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात सेनानियों के नाम पर स्थापित कीर्ति स्तंभ एवं शिलालेख पट्टिका के समक्ष 41 मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री शरद ताम्रकार ने की तथा मंच का सफल संचालन श्री राजेंद्र दिवाकर ने किया।
इस अवसर पर डॉ. नरेश यदु, अध्यक्ष स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संस्था कबीरधाम को मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले द्वारा सम्मानित किया गया।
बैठक में आगामी संयुक्त छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी अधिवेशन जो 26 अक्टूबर को अमरकंटक में आयोजित होना है, के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।
कबीरधाम जिले से नरोत्तम महोबिया सचिव, महेश महोबिया कोषाध्यक्ष, गुरुप्रसाद शर्मा सदस्य, कैलाश सिंह ठाकुर सदस्य, टी.एस. अवस्थी पोंड़ी, दीपराम वर्मा बहरसरी सहित अध्यक्ष लायन डॉ. नरेश कुमार यदु उक्त सम्मेलन में उपस्थित रहे।
डॉ. नरेश यदु ने सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष श्री शरद ताम्रकार, श्री राजेंद्र दिवाकर सहित पूरी टीम को बधाई दी।



