
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़**
शासकीय उचित मूल्य की दुकान में चोरी का खुलासा, 5 बोरी चावल बरामद**
साइबर सेल और डिंडौरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार**
मुंगेली/डिंडौरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में पुलिस ने ग्राम साल्हेघोरी की शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 5 बोरी चावल बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्हेघोरी निवासी जलेश्वर साहू शासकीय उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता हैं। 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे राशन वितरण के बाद उन्होंने दुकान में ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 6:40 बजे दुकान का मुख्य दरवाजा का ताला टूटा मिला। जांच करने पर दुकान से 5 बोरी चावल चोरी होना पाया गया, जिसकी कुल कीमत 13,724 रुपये बताई गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी डिंडौरी में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 331(4), 305(3), 317(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री भोजराम पटेल ने आरोपियों की पतासाजी और चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में साइबर सेल और चौकी डिंडौरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान बेसिक पुलिसिंग, मुखबिर सूचना और तकनीकी आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार के चोरी में शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में रामानंद ने अपने साथी राजेश सारथी के साथ मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स क्रमांक CG 28 E 4456 से साल्हेघोरी की राशन दुकान से 5 बोरी चावल चोरी करना बताया। चोरी किए गए चावल को ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर/दुकान में बेचने की बात भी सामने आई।
पुलिस ने अनिल साहू से पूछताछ कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी 5 बोरी चावल बरामद कर लिए।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य आरोपी पर अलग से कार्रवाई
पुलिस ने मामले में—
🔹 रामानंद अहिरवार, पिता ननकुराम अहिरवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी सारधा, थाना लोरमी, जिला मुंगेली।
🔹 अनिल साहू, पिता बालाराम साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी गोंड खाम्ही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली।
को विधिवत गिरफ्तार कर 13 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई तथा 14 सितंबर 2026 को जेल दाखिल किया गया।
वहीं, प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी राजेश सारथी वर्तमान में एक अन्य मामले में जिला बिलासपुर के जेल में निरुद्ध है। उसके संबंध में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक मान सिंह (प्रभारी चौकी डिंडौरी), प्रधान आरक्षक नरेश यादव, श्याम डहरिया, नोखे कुर्रे, यशवंत डाहिरे, गुलाब राजपूत, रवि जांगड़े तथा आरक्षक भेषज पांडेकर, अतुल ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, राम कश्यप, संजय पात्रे एवं पवन गंधर्व की अहम भूमिका रही।


