कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 24 पदक जीतकर जिले का नाम किया रोशन
- कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने सौजन्य मुलाकात की
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 24 पदक जीतकर जिले का नाम किया रोशन
कवर्धा । कबीरधाम जिले के होनहार बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने आज उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से विधायक कार्यालय कवर्धा में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हाल ही में बिलासपुर में आयोजित 22वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय एथलेटिक्स बालक-बालिका प्रतियोगिता 2025 में कवर्धा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले के बच्चों ने कुल 24 पदक अपने नाम किए, जिनमें 8 स्वर्ण पदक, 6 रजत पदक और 10 कांस्य पदक शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के बच्चों ने मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित कर दिया है कि छोटे-छोटे नगर और गांव से भी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने जानकारी दी कि जिले में 24 मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जहां गांव-गांव के बच्चों की प्रतिभा निखरेगी और उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और माता-पिता व प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही विश्वास जताया कि आने वाले समय में कवर्धा जिले के खिलाड़ी देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाएंगे। कवर्धा के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन साबित करता है कि जिले के बच्चों में खेल के क्षेत्र में असाधारण प्रतिभा और क्षमता मौजूद है। स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल कवर्धा जिले का नाम रोशन किया बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी पहचान बनाई। वहीं रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह दर्शा दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




