छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के 65 लाख परिवारों को राशन देने के लिए प्रतिबद्ध

कवर्धा, । प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि नई सरकार प्रदेश के प्रत्येक सभी परिवारों को राशन देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार अपने वायदे को पूरा करने के लिए प्रदेश के 65 लाख परिवारों को राशन देने जा रही है। आगामी माह से प्रदेश के सभी परिवारों को राशन मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हमने सभी परिवारों को राशन देने का वायदा किया था। सरकार ने इस वायदे को पूरा करने के लिए चार हजार करोड़ रूपए का प्रावधान रखा है।

वन मंत्री श्री अकबर ने यह बाते कवर्धा नगरपालिका में आयोजित तीन अलग-अलग नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण करते हुए कही। उन्होंने तीन शिविरों में आठ वार्डो के 2255 हितग्राहियों को नवीनीकृत राशन कार्ड वितरण किया। शिविर में शंकर नगर वार्ड, सतबहनिया वार्ड, महबूब शाह दातार वार्ड, शक्ति वार्ड, मारूती वार्ड, बुढ़ामहादेव वार्ड, रामजानकारी वार्ड, राधा कृष्ण वार्ड के हितग्राहियों शामिल हुए।मंत्री श्री अकबर की उपस्थिति में सभी हितग्राहियों के नाम पढ़ कर सुनाया गया। उन्होंने हितग्राहियों के बीच पहुचकर नवीनीकृत राशन कार्ड का वितरण भी किया।

वन मंत्री श्री अकबर ने शिविरों में बताया कि जिन हितग्राहियों को राशन कार्ड नहीं मिला है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। साथ ही जिन एपीएल(सामान्य) परिवारों के राशन कार्ड के लिए आवेदन देने से छूट गए है, उन्हें भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकार ने आगामी 23 सितंबर तक राशन कार्ड के लिए आवेदन करने समय सीमा बढ़ाई है। ऐसे परिवार अपने नगरीय निकाय कार्यालय, जिला खाद्य कार्यालय, ग्राम पंचायत कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते है। शिविर में मंत्री श्री अकबर की उपस्थिति में सभी पात्र हितग्राहियों के नाम पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पूरी ईमानदारी के साथ अपना सभी वायदे पुरा कर रही है। उन्होंने कहा कि वायदों के मुताबिक किसानों के

कर्ज माफ किया। सभी परिवारों के बिजली बिल हाफ किया। इससे परिवार के इनकम में बढ़ोतरी हो रही है। किसानों को 25 सौ रूपए में धान खरीदी का वायदा किया था, उन्हें भी पूरा किया गया। वनांचलों में रहने वाले तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया गया। अब राशन के वायदे पूरा करने की बारी है। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण वनमंडलाधिकारी श्री दिलराज प्रभाकर, एसडीएम श्री विपुल गुप्ता सहित श्री रामकृष्ण साहू, श्री कन्हैया अग्रवाल, श्री मोहित महेश्वरी, श्री नरेन्द्र देवांगन, श्री मुकुंद माधव कश्यप, श्री चुनवा खान सहित संबंधित वार्डो में के हितग्राही उपस्थित थे

Spread the love

You missed