कवर्धा

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट *तरेगांव जंगल कन्या छात्रावास में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस*

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

*तरेगांव जंगल कन्या छात्रावास में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस*

*स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और बालिका अधिकारों के प्रति छात्राओं को किया जागरूक*

कवर्धा, 13 अक्टूबर 2026। बालिकाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्री-मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास, तरेगांव जंगल में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, पोषण, सुरक्षा और लैंगिक समानता के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती आराधना बंजारे, सुश्री आकांक्षा लिखार एवं श्रीमती प्रिया तम्बोली ने छात्राओं को पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।

कार्यक्रम में पीसीपीएनडीटी अधिनियम, 1994 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व लिंग चयन पर कानूनी प्रतिबंध के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करने, प्रत्येक बालिका को जन्म लेने का समान अवसर देने और समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा समान अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में श्रीमती आराधना बंजारे, डी.पी.एच.एन.ओ., सुश्री आकांक्षा लिखार, एन.सी.डी. कंसल्टेंट, श्रीमती प्रिया तम्बोली, बी.डी.एम. सहित आर.एम.ए., सी.एच.ओ., आर.एच.ओ. तथा कन्या छात्रावास के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Spread the love

Related Articles

Back to top button