Uncategorized

सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा बना जानलेवा, सीमा अनंत ने सरकार पर साधा निशाना** बोलीं—गायों पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार सुरक्षा के इंतजाम में विफल, सड़क हादसों में जा रही लोगों और बेजुबानों की जान** कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा बना जानलेवा, सीमा अनंत ने सरकार पर साधा निशाना**

बोलीं—गायों पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार सुरक्षा के इंतजाम में विफल, सड़क हादसों में जा रही लोगों और बेजुबानों की जान**

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

कवर्धा। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों तथा प्रमुख सड़कों पर आवारा मवेशियों के झुंड से लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती सीमा अनंत ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा कटाक्ष किया है।

सीमा अनंत ने कहा कि सड़कों पर बेपरवाह घूमते मवेशियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में गौवंश भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन हादसों से कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है और अनेक परिवार प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नरवा, गरवा, घुरवा, बारी जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से गौवंश के संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया गया था। गोठानों में पशुओं के लिए व्यवस्था के साथ गोबर खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में काम किया गया।

सीमा अनंत ने आरोप लगाया कि भाजपा संगठन ने पूर्व में इन योजनाओं का विरोध किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद भी सड़कों पर घूम रही गायों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है।

गौसेवक आयोग और सरकार से व्यवस्था की मांग

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने राज्य सरकार एवं संबंधित गौसेवक आयोग का ध्यान आकृष्ट करते हुए मांग की कि नगरों, शहरों और प्रमुख मार्गों पर घूमने वाले गौवंश के लिए स्थायी एवं समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बैठे मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने भाजपा सरकार की डबल इंजन सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के पूर्व जनता से अनेक वादे किए गए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद आम जनता, गरीब, मजदूर, युवा और महिलाओं में खुद को ठगा हुआ महसूस करने की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

सीमा अनंत ने कहा कि गौवंश की सुरक्षा केवल राजनीति का विषय नहीं, बल्कि जनसुरक्षा और संवेदनशीलता से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। सरकार को बयानबाजी से आगे बढ़कर सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।

— डी.एन. योगी, संपादक

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

Spread the love

Related Articles

Back to top button