कवर्धा

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट 19.35 लाख के रिटर्निंग वॉल निर्माण में फर्जीवाड़े के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

19.35 लाख के रिटर्निंग वॉल निर्माण में फर्जीवाड़े के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत पंडरिया अंतर्गत ग्राम पंचायत अमली मालगी में निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल कार्य अब गंभीर विवादों में घिर गया है। लगभग 19 लाख 35 हजार रुपए की लागत से बनाए जा रहे इस निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच-सचिव की मिलीभगत से निर्माण कार्य में जमकर फर्जीवाड़ा किया गया। मजदूरों से काम कराने के बजाय जेसीबी मशीन से खुदाई कराई गई, लेकिन कागजों में मजदूरी भुगतान दर्शाकर शासन को गुमराह किया जा रहा है। इससे मनरेगा जैसी योजनाओं की पारदर्शिता और उद्देश्य पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

नई दीवार पुरानी दीवार पर, गुणवत्ता पर उठे सवाल

ग्रामीणों के अनुसार निर्माणाधीन रिटर्निंग वॉल की गुणवत्ता बेहद खराब है। आरोप है कि नई दीवार को पुराने रिटर्निंग वॉल के ऊपर ही खड़ा कर दिया गया है, जिससे निर्माण की मजबूती पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। वहीं पचेरी निर्माण में लगाए गए सरिए अभी से बाहर दिखाई देने लगे हैं, जिससे घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही की पोल खुल रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि जिस निर्माण की हालत अभी से खराब दिखाई दे रही है, उसे पूर्ण कार्य बताकर शासन को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है। लोगों ने आशंका जताई कि भविष्य में यह निर्माण कभी भी ढह सकता है, जिससे ग्रामीणों की जान-माल को खतरा हो सकता है।

एक माह पहले शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लगभग एक माह पूर्व पंडरिया के कार्यक्रम अधिकारी से मौखिक शिकायत की गई थी। अधिकारियों ने सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा निर्माण को जल्द पूर्ण दिखाने की तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों ने कुछ जनप्रतिनिधियों और सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर भी संरक्षण देने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि सरपंच पति राजनीतिक दबाव बनाकर ग्रामीणों की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग – तकनीकी जांच हो, दोषियों पर कार्रवाई हो

ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता परीक्षण हो, भुगतान संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

ग्राम पंचायत अमली मालगी का यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

शिकायतकर्ता – मोहन साहू एवं ग्रामवासी

Spread the love

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button