जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए बहुत मौके मिलते है, लक्ष्य हमेशा बड़ा रखना चाहिए और उसे पूरा करने के लिए मेहनत दोगुना करना चाहिए : कलेक्टर समर क्रेश कोर्स कोचिंग कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर और सीईओ ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया कवर्धा कबीर क्रांति, शासन द्वारा कक्षा नवमीं एवं कक्षा ग्यारहवी के प्रतिभावन छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित 30 दिवसीय समर क्रेश कोर्स कोचिंग कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण और जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। कलेक्टर ने जिले के कक्षा नवमीं में 80 प्रतिशत या अधिक प्राप्तांक अर्जित करने वाले 80 विद्यार्थियों और कक्षा ग्यारहवी में विज्ञान संकाय से 70 प्रतिशत या अधिक प्राप्तांक अर्जित करने वाले 40 विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए बहुत मौके मिलते है, मेहनत से कभी घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हमेशा बड़ा रखना चाहिए और उसे पूरा करने के लिए मेहनत दोगुना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी जिम्मेदारी के प्रति डर भी होनी चाहिए, जीवन में आगे बढ़ने के लिए डर भी जरूरी है, डरकर नहीं बैठना चाहिए, बल्कि कठिनाईयों का सामना करना चाहिए। कलेक्टर ने बच्चों की जिज्ञासाओं और आत्म विश्वास से भरे साहसिक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि लक्ष्य बड़ा करो और जरूरतों को कम करों, लक्ष्य जितनी बड़ी होगी, जरूरतें उतनी ही कम होगी। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए चिंता नहीं चिंतन की जरूरत है। प्रतिभावन बच्चों ने कलेक्टर से प्रश्न पूछा कि क्या सपने हैसियत के हिसाब से देखना चाहिए। जवाब में कलेक्टर ने कहा कि हैसियत हर सोसायटी, हर परिस्थिति में अलग-अलग होती है। हैसियत पद से नहीं होता, बल्कि अपनी उपलब्धियों एवं कामयाबियों से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपनी हैसियत इतनी बढ़ा लो कि जो भी सपने देखो वह पूरा हो जाये। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कम अंक पाने से ज्ञान कम नहीं होता, सोच व्यापक हो, बहुत सारे विकल्प सामने हो, शिक्षा, खेलकूद, मनोरंजन का मौका नहीं छोड़ना है। कलेक्टर ने कहा कि दुनिया का सबसे सस्ता बिजनेस पढ़ाई है, शिक्षित रहोगे तो कोई भी काम कर सकते हो, धन चोरी हो सकता है पर विद्या नहीं। कलेक्टर ने मेधावी बच्चों के लिए राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, उच्च शिक्षा के लिए कम ब्याज दर पर शिक्षा ऋण योजना तथा राज्य मंत्री परिषद द्वारा बारहवीं कक्षा तक निःशुल्क शिक्षा देने के ताजा निर्णय की जानकारी दी। कलेक्टर ने समर क्रेश कोर्स कोचिंग कार्यक्रम में सहभागी बने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद दिया और सराहनीय योगदान के लिए सभी विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को प्रशिस्त पत्र दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन विश्राम गृह में किया गया। जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार ने कहा कि जिले में शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन तथा हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुरू किये गये मिशन-90 से लेकर समर क्रेश कोर्स के आयोजन में कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा रहा है। उन्होंने विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश का त्याग कर बच्चों के भविष्य निर्माण में बेहतर योगदान देने के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि विद्या दान से बहुत संतुष्टि मिलती है। श्री कुंदन कुमार ने प्रतिभावन विद्यार्थियों से अपने छात्र जीवन के अनुभवों को साझा किया और विद्यार्थियों को अपने रूचि के विषय में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के प्रश्नों का जवाब भी दिया और कहा कि सपनों के पंख ऊंची उड़ाने भरती है, सपनों को पूरा करने के लिए लगन, परिश्रम और साहस होनी चाहिए। इस अवसर पर कोचिंग प्राप्त अनेक छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव को साझा किया। शासकीय हाई स्कूल मानिकचौरी की छात्रा देवकुमारी पाटिल, पांडातराई की खुशबू खान, बिरकोना के ऋतिक निर्मलकर, बम्हनी के जागेश्वर साहू एवं नवीन कन्या शाला कवर्धा की प्रियंका नेताम ने अपने अनुभवों से अवगत कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कोचिंग हेतु जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.एल. महिलांग ने बताया कि शिक्षा सत्र 2019-20 में जिले के चुनिंदा मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पूर्व (ग्रीष्मावकाश में) एवं पूरे शिक्षा सत्र के दौरान जिले के चुनिंदा विषय विशेषज्ञ ब्याख्याताओं का निरंतर मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का शैक्षिक गुणवत्ता उन्न्यन तथा छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी प्रमाण पत्र परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य के टॉप टेन सूची में अधिकाधिक स्थान अर्जित करने के उद्देश्य से समर क्रेश कोर्स कोचिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 15 मई से 13 जून 2019 कुल 30 दिवस तक शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा संचालित किया गया। इसका आयोजन कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण एवं जिला पंचायत के सीईओ श्री कुंदन कुमार के कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा किया गया। जिसमें 80 प्रतिशत या अधिक प्राप्तांक अर्जित कर कक्षा नवमी उर्त्तीण विद्यार्थी 40-40 के दो वर्गो में कुल 80 विद्यार्थी तथा 70 प्रतिशत या अधिक प्राप्तांक अर्जित कर कक्षा ग्यारहवी विज्ञान संकाय से उर्त्तीण विद्यार्थी 40 के एक वर्ग अर्थात कक्षा दसवी व बारहवी के लिए कुल 120 विद्यार्थियों का मेरिट के आधार पर पंजीयन पश्चात् कोचिंग प्रारंभ किया गया। कक्षा दसवी के लिए गणित, विज्ञान, अॅंग्रेजी एवं कक्षा बारहवी के लिए गणित, जीवविज्ञान, भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र विषय पर कोचिंग दिया गया। जिले के 36 विषय विशेषज्ञ व्याख्यातो द्वारा 5-5 दिवसों तक एक-एक घण्टे का पॉंच कालखण्डों में निःशुल्क अध्यापन कर कोचिंग को सफल बनाया गया। कोचिंग प्रत्येक दिवस अवकाश के दिवसों सहित प्रातः 7.30 बजे से 11 बजे तक विषयवार एक-एक घण्टे का तीन कालखण्डों में अध्यापन कराया गया। कोचिंग में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा छात्र एवं छात्राओं के लिए पृथक-पृथक आवास एवं भोजन की ब्यवस्था उपलब्ध कारायी गई, जिसमें छात्राओं के लिए कस्तुरबा गॉंधी आवासीय विद्यालय कवर्धा तथा छात्रों के लिए प्री मेट्रिक आदिवासी छात्रावास बालक कवर्धा में किया गया। आवासीय भवन से कोचिंग सेंन्टर तक लाने-ले-जाने के लिए विद्यार्थियों को बस की सुविधा उपलब्ध करायी गई थी। जिला शिक्षा अधिकरी ने बताया कि छात्राओं के लिए कस्तुरबा गॉंधी आवासीय विद्यालय कवर्धा में लंच उपरांत सायंकालीन खेल सुविधा के साथ ही आत्म रक्षा हेतु कराते, जीवन कौशल विकास, चित्रकला, पेन्टिग एवं हस्तकला का अभ्यास से अवगत कराया गया । वहीं छात्रों के लिए प्री मेट्रिक आदिवासी छात्रावास बालक कवर्धा में लंच उपरांत पी.टी.आई के मार्गदर्शन में सायंकालीन इनडोर एवं आउटडोर खेल गतिविधि की ब्यवस्था कैरम, शतरंज, लुडो, क्रिकेट, बॉल इत्यादि की सुविधाएॅं उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों को आउटडोर स्टेडियम में एथेलिटिक्स तथा इंडोर स्टेडियम में बैडमिन्टन कोर्ट, टेनिस कोर्ट, तरणताल भी दिखाया गया। विद्यार्थियों को मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धन के लिए भारत-पाक विभाजन पर आधारित ’’भारत’’ मूवी भी दिखाया गया। उन्हें खजुराहो पुरातात्विक एवं पर्यटन की दृष्टि से भोरमदेव मंदिर, भोरमदेव में स्थापित संग्रहालय तथा भोरमदेव गार्डन, सदोदा जलाशय एवं वृन्दावन गार्डन का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों को शैक्षिक गतिविधि के रुप में विश्व जैव विविधता दिवस पर वन विभाग द्वारा आयोजित तात्त्कालिक भाषण प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता तथा विश्व पर्यावरण दिवस पर काष्ठागार कवर्धा में वन मण्डलाधिकारी की उपस्थिति में आयोजित भाषण एवं निंबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रशस्ति प्रत्र का वितरण किया गया। समर क्रेश कोर्स कार्यक्रम के समापन अवसर पर पर भावी योजना पर चर्चा करते हुए समर क्रेश कोर्स व्हाट्स एप ग्रुप में सम्मिलित समस्त 70 सदस्यों के माध्यम से कोचिंग प्राप्त विद्यार्थियों के व्यक्तिगत अथवा पालक के व्हाट्सएप नंबंर को समूह से जोड़ना एवं पूरे शिक्षा सत्र के दौरान शैक्षिक समर्थन देने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करने की कार्य योजना को मूर्तरुप दिया गया। समापन कार्यकम में सहायक संचालक एम.के गुप्ता, सहायक संचालक यू.आर.चन्द्राकर, डी.एम.सी. संजय श्रीवास्तव, एम.आई.एस., प्रशासक सतीश यदु समस्त ए.पी.सी. एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षक उपस्थित थे। Spread the love Post navigation शालेय शिक्षाकर्मी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने केबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव व रविंद्र चौबे से की मुलाकात वाहन का पंजीयन अनिवार्य, बिना पंजीयन के वाहन पाये जाने पर होगी कार्रवाई