कवर्धा, 25 अप्रैल 2019। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय एवं अशासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के प्राचार्यो को परिपत्र जारी कर असफल छात्रवृत्ति भुगतान 27 अप्रैल तक बैंक खातों में सुधार कर छात्रवृत्ति पाने से वंचित विद्यार्थियों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। परिपत्र में कहा गया है कि शैक्षणिक सत्र 2015-16, 2016-17 एवं 2017-18 जिले में 2162 विद्यार्थी छात्रवृत्ति पाने से वंचित है, जिसकी सुधार एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु पूर्व में भी निर्देश दिये गये थे। असफल छात्रवृत्ति भुगतान के बैंक खातों में सुधार हेतु समय दिये जाने के बाद भी वेबपोर्टल में असफल भुगतान एवं लंबित प्रदर्शित हो रहा है। अतः निर्धारित समय सीमा में भुगतान सुनिश्चित कर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अवगत करायें।