कवर्धा

*मेडिकल कॉलेज कवर्धा में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की हेपेटाइटिस-बी एवं सी की जांच एवं टीकाकरण* *स्वास्थ्यकर्मियों एवं मितानिनों के लिए भी जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित किया गया विशेष अभियान* कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

*मेडिकल कॉलेज कवर्धा में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की हेपेटाइटिस-बी एवं सी की जांच एवं टीकाकरण*

*स्वास्थ्यकर्मियों एवं मितानिनों के लिए भी जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित किया गया विशेष अभियान*

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

कवर्धा, 19 नवंबर 2026। राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कबीरधाम जिले में हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी संक्रमण की रोकथाम, समय पर पहचान एवं बचाव के उद्देश्य से विशेष जांच एवं टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कवर्धा में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की जांच की गई तथा पात्र विद्यार्थियों का हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण किया गया।

 

चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अभियान विशेष महत्व रखता है। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में प्रशिक्षण के दौरान संक्रमण के संभावित जोखिम को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय पर जांच एवं टीकाकरण आवश्यक है। यह गतिविधि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनामिका पटेल द्वारा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं संबंधित समन्वयकों के सहयोग से संपन्न कराई गई।

 

*विकासखंडों में स्वास्थ्यकर्मियों एवं मितानिनों का टीकाकरण*

 

अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों एवं मैदानी कार्यकर्ताओं के लिए भी विशेष जांच एवं टीकाकरण गतिविधियां आयोजित की गईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिंभौरी एवं रक्से में ब्लॉक समन्वयक, एसपीएस, एमटी एवं मितानिनों को हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाया गया। इसमें पीएचसी भिंभौरी के 60 एवं पीएचसी रक्से के 45 हितग्राहियों सहित कुल 105 लोगों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान बीएमओ लोहारा डॉ. योगेश साहू, संबंधित पीएचसी प्रभारी एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। इसी प्रकार विकासखंड पंडरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा में आयोजित टीकाकरण गतिविधि के दौरान 88 मितानिनों एवं 7 एमटी साथियों सहित कुल 95 हितग्राहियों को हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाया गया।

 

*समय पर जांच एवं सावधानी से किया जा सकता है बचाव*

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे ने आम नागरिकों से अपील की है कि हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी संक्रमण को गंभीरता से लें तथा समय पर जांच कराएं। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस-बी से बचाव के लिए टीकाकरण प्रभावी उपाय है, जबकि हेपेटाइटिस-सी की समय पर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से असुरक्षित इंजेक्शन, संक्रमित रक्त एवं बिना स्टरलाइज किए गए चिकित्सा उपकरणों के उपयोग से बचने तथा किसी भी प्रकार की आशंका होने पर नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की अपील की है। साथ ही स्वयं जागरूक होकर परिवार एवं आसपास के लोगों को भी हेपेटाइटिस की जांच, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया है।

Spread the love

Related Articles

Back to top button