
नकटी गांव में रात के अंधेरे में हुई कार्रवाई शर्मनाक, दोषी अधिकारियों पर हो सख्त कार्रवाई: सांसद बृजमोहन अग्रवाल**
भाजपा सरकार कुछ दिन की मेहमान,,,?
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट
रायपुर। नकटी गांव में देर रात की गई बेदखली और तोड़फोड़ की कार्रवाई पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तीखी नाराजगी जताई है। नई दिल्ली से रायपुर लौटने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने इसे अमानवीय, असंवेदनशील और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।
सांसद ने कहा, “बरसात के मौसम में, रात के अंधेरे में गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों को किसी भी हाल में माफ नहीं किया जा सकता।”
उन्होंने कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से नकटी गांव की समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और आगे भी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।
पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर कि वर्ष 2025 में भी उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया था, सांसद ने साफ कहा, “मैं आज भी उसी स्टैंड पर हूं। यह राजनीति का नहीं, संवेदनशील मानवीय मुद्दा है। राजनीति छोड़कर प्रभावित लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए।”
उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि यदि पुनर्वास जरूरी है, तो पहले हर प्रभावित परिवार के लिए सम्मानजनक और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही कोई कार्रवाई हो। रात के अंधेरे में की गई ऐसी कार्रवाई प्रशासन की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मांग की है कि इस कार्रवाई के जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो और नकटी गांव के सभी प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास व न्याय तुरंत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा




