कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
देखिए डी एन योगी की रिपोर्ट
पंडरिया: मोहतरा वेयरहाउस में विक्रेता से मारपीट, राशन दुकानदारों में आक्रोश—काम बंद कर आंदोलन शुरू
कबीरधाम जिले के पंडरिया क्षेत्र स्थित मोहतरा वेयरहाउस में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। जानकारी के अनुसार अतरिया के उचित मूल्य दुकान संचालक भुवनेश्वर साहू को राशन भंडारण संबंधी सूचना देकर वेयरहाउस बुलाया गया था।
बताया जा रहा है कि जैसे ही विक्रेता वेयरहाउस पहुंचे, गेट के पास ही ट्रांसपोर्टर के हमालों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन हमालों में वही लोग शामिल थे, जो दो दिन पहले निंगापुर के उचित मूल्य दुकान में शक्कर चोरी करते पकड़े गए थे। इसी रंजिश के चलते तीन हमालों ने मिलकर विक्रेता के साथ बुरी तरह मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में ट्रांसपोर्टर और वेयरहाउस के अधिकारियों की भी मिलीभगत रही, जिसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
कार्रवाई नहीं तो आंदोलन तेज
घटना के बाद जिलेभर के शासकीय उचित मूल्य दुकानदारों में भारी आक्रोश है। सभी दुकानदारों ने एकजुट होकर स्पष्ट कर दिया है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे काम बंद रखकर आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रशासन से मांगें
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी
वेयरहाउस प्रबंधन और ट्रांसपोर्टर की भूमिका की जांच
पीड़ित विक्रेता को सुरक्षा और न्याय
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी जल्दी और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है, क्योंकि यह मामला सीधे सार्वजनिक वितरण प्रणाली और आम जनता के राशन से जुड़ा हुआ है।
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

Spread the love

You missed