कवर्धादुर्ग

: कलेक्टर ने किया सुदूर वनांचल क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों एवं राशन दुकान का निरीक्षण

: कलेक्टर ने किया सुदूर वनांचल क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों एवं राशन दुकान का निरीक्षण
कुकदूर में पोषण पुनर्वास केन्द्र का शुभारंभ किया और कहा कि एक भी बेड खाली नहीं रहे तथा कुपोषित बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान दें
रूखमीदादर उपस्वस्थ्य केन्द्र की मरम्मत के लिए दी एक लाख रूपये स्वीकृति
पंडरिया विकासखंड के सभी उपस्वास्थ्य केन्द्रों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
कवर्धा,। कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने शुक्रवार को पंडरिया विकासखंड के दुर्गम वनांचल क्षेत्र कुकदूर, रूखमीदादर एवं नेऊर के स्वास्थ्य केन्द्र और बाहपानी के राशन दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से गांव में नियमित रूप से बिजली, पानी, राशन, पेंशन मिलने की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं,

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं शिक्षाकर्मियों द्वारा नियमित रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने की भी जानकारी ली। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुकदूर में पोषण पुनर्वास केन्द्र का शुभारंभ किया और केन्द्र प्रभारी डाॅ. प्रसंगिना साधु को एक भी बेड खाली नहीं रहने देने तथा कुपोषित बच्चों के सेहत पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुकदूर परिसर में निर्मित किचन शेड, दंत रोग विभाग में सभी आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा प्रसुति कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने नवप्रसुता दो महिलाओं को नन्हे महतारी किट भी प्रदान किया। उन्होंने बाहपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में संचालित राशन दुकान में राशन लेने आये बैगा आदिवासियों से राशन सामग्री समय पर प्राप्त होने की जानकारी ली।
  
  कलेक्टर ने उपस्वास्थ्य केन्द्र रूखमीदादर की मरम्मत तथा प्रसुति कक्ष को माॅडल बनाने के लिए एक लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्राकलन तैयार करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रकाश टंडन को निर्देश दिये। कलेक्टर ने रूखमीदादर में सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए इसी गांव की निवासी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती अमिता माठले जो कि शहरी स्वास्थ्य केन्द्र कवर्धा में पदस्थ है, को रूखमीदादर में पदस्थ करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। इसके लिए

कलेक्टर ने स्वयं मोबाईल पर श्रीमती माठले से चर्चा कर उनकी सहमति भी ली। उन्होंने रूखमीदादर के पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्री नारायण प्रसाद साहू को मुख्यालय में नियमित रूप से रहने के निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यालय में नहीं रहने की शिकायत मिलने पर तत्काल बर्खास्त करने की चेतावनी दी। श्री साहू की नियमित उपस्थिति की जानकारी देने के लिए स्वास्थ्य सुपरवाईजर को निर्देश दिये। उन्होंने पंडरिया विकासखंड के सभी उपस्वास्थ्य केन्द्रों की मरम्मत के लिए एक माह के भीतर प्रस्ताव तैयार करने डिप्टी कलेक्टर श्री विनय सोनी को निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान डीपीएम सुश्री नीलू धृतलहरे, खंड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. बी.एल. राज, जनपद सीईओ श्री एन.के.भट्ट, डाॅ. स्वप्निल सुनील साधु सहित खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button