कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग एवं पैकेंजिग की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश कवर्धा, । कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने गुरूवार को ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान बोड़ला विकासखंड के ग्राम दलदली में भारत एल्युमिनियम कंपनी(बाल्को) के सौजन्य से संचालित कोदो-कुटकी प्रोसेसिंग केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल्को प्रबंधन के कर्मचारी से प्रोसेंसिग की प्रक्रिया को बारीकी से समझा। समझने के बाद उनके मन में विचार आया कि कोदो-कुटकी की आपूर्ति महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों में किया जाये और इसका स्वादिष्ट खीर बनाकर बच्चों को खिलाया जायें। इस संबंध में कलेक्टर ने कोदो-कुटकी की बहुतायत उपज वाले क्षेत्रों में भी प्रोसेसिंग यूनिट शुरू करने के लिए
बाल्को प्रबंधन के कर्मचारी को प्रोसेंसिंग यूनिट की पूरी लागत, उत्पादन, मांग एवं खपत आदि से संबंधित विस्तृत जानकारी के साथ स्वयं उनके कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कोदो-कुटकी प्रोसेंसिंग में काफी रूचि लेते हुए इसकी पूरी प्रक्रिया को जाना और समझा ही नहीं बल्कि इस अवसर पर उपस्थित जय मां लक्ष्मी स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा भी की। कलेक्टर ने कोदो-कुटकी की गुणवत्ता एवं स्वाद जानने तथा स्वयं के उपयोग हेतु नगद राशि देकर कोदो-कुटकी का एक-एक पैकेट खरीदा भी।