तंदुरूस्त रहने के लिए नियमित रूप से करें योग  मंत्री  मोहम्मद अकबर
कवर्धा  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिला मुख्यालय कवर्धा के पटेल मैदान सहित समूचे जिले में योगाभ्यास किया गया। जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन, आवास एवं पर्यावरण, वन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  मोहम्मद अकबर और पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चन्द्राकर,

कलेक्टर अवनीश कुमार शरण, पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उम्मेद सिंह, वनमंडलाधिकारी  दिलराज प्रभाकर,  मुकुंद माधव कश्यप,  ऋषि शर्मा,  रामकृष्ण साहू,  कन्हैया अग्रवाल,  प्रमोद लुनिया,  कलिम खान,  आकाश केसरवानी विशेष रूप से शामिल हुए। योग कार्यक्रम में पतंजलि के योग प्रशिक्षकों ने निर्धारित समय 7 बजे से योगासन के सभी आसन, कपालभारती, प्राणायाम, ध्यान, संकल्प आदि का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर वन मंत्री  मोहम्मद अकबर ने अपने संदेश में कहा कि तंदुरूस्त रहने के लिए योग को अपने दिनचर्या में शामिल करते हुए नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से योग का विशेष महत्व रहा है। पशु-पक्षी में अपने योग क्रियाओं से स्वस्थ्य रहते है। हम सभी को स्वस्थ्य तन और मन के लिए नियमित रूप से योग करना चाहिए। उन्होने कहा कि योग शरीर को ही रोगमुक्त नहीं करता बल्कि मानसिक एवं बौद्धिक स्तर पर मन को सशक्त, शांत और ओजस्वी बनाता है। पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चन्द्राकर ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होने कहा कि हर व्यक्ति को सुबह सुर्य उदय होने के पहले या शाम को सुर्यास्त होने के बाद समय निकाल कर योग करना चाहिए। उन्होने योग के फायदे भी बताए। उन्होने कहा कि नियमित योग और अभ्यास से पुरानी से पुरानी जटिल बीमारियों से छुटकारा पाया जा सकता है। स्वस्थ शरीर के लिए

हम सबको प्रतिदिन योग के लिए समय निकालना चाहिए। जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में कवर्धा शहर के गणमान्य नागरिक, शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और जिला स्तरीय अधिकारी- कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित थे। सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागी बनने पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.एल. महिलांग ने सभी का आभार प्रकट किया।

Spread the love

You missed