देशरायपुर

लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश

लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश
गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर हो सख्त कार्रवाई
मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सुबह 6 बजे वार्डो का भ्रमण कर तत्काल प्रतिवेदन भेजने के निर्देश

कलेक्टर ने की राजस्व विभाग के काम-काज की समीक्षा

कवर्धा,  कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को राजस्व विभाग के साथ नगरीय निकाय और खनिज विभाग की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, अतिक्रमण आदि प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को दिये।

उन्होंने छह माह से अधिक के सीमांकन के 553 लंबित प्रकरणों को आगामी 15 मई तक निराकृत करने तथा अन्य लंबित प्रकरणों को 31 मई तक निराकृत करने के निर्देश दिये। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर निराकरण में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर राजस्व अमले में कमी नहीं है,

इसलिये प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने अनुभागवार भू-अर्जन की समीक्षा की तथा सिंचाई परियोजनाओं एवं विकास कार्यो से संबंधित भू-अर्जन के प्रकरणों को प्राथमिकता से पूरा करने कहा। इसके साथ ही भू-अर्जन के लंबित मुआवजा का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिये। उन्होंने भू-अर्जन मुआवजा के लिए तत्काल मांग पत्र जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को काम-काज में कसावट लाने तथा राजस्व अभिलेखों का बेहतर संधारण करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने तहसील कार्यालयों में राजस्व अभिलेखों का संधारण की जॉच के लिए वरिष्ठ डिप्टी कलेक्टर के नेतृत्व में जॉच दल बनाने हेतु अपर कलेक्टर श्री जे.के.ध्रुव को निर्देश दिये।

उन्होंने पटवारियों का बस्ता तहसील कार्यालय में जमा कराने के लिए सभी तहसीलदारों को निर्देश दिये। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्वास्थ्य केन्द्रों का भी निरीक्षण करने को कहा। बैठक में बताया गया कि विभिन्न राजस्व न्यायालयों में मार्च 2019 तक विवादित नामांतरण के 520 प्रकरणों, विवादित बटवारा के 252 प्रकरणों, सीमांकन के 179 प्रकरणों और अतिक्रमण के 1090 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।

इसी अवधि में नगरीय क्षेत्रों में अविवादित नामांतरण के 291 प्रकरणों, अविवादित बटवारा के 19 प्रकरणों और पंचायतों द्वारा अविवादित नामांतरण के 1610 प्रकरणों एवं अविवादित बटवारा के 269 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री अवनीश कुमार शरण ने बैठक में उपस्थित जिले के सभी छह नगरीय निकायों कवर्धा, पंडरिया, बोड़ला, पांडातराई, सहसपुर लोहारा और पिपरिया के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 6.30 बजे तक विभिन्न वार्डो का निरीक्षण करने के निर्देश दिये और बिजली-पानी की सतत् आपूर्ति तथा साफ-सफाई आदि का निरीक्षण कर उसी समय तत्काल वाट्सअप के जरिये उन्हें सूचित करने को कहा।

कलेक्टर ने खनिज निरीक्षकों और तहसीलदारों के समन्वय से गौण खनिजों-मुरूम, गिट्टी, रेत आदि के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये। बैठक में उपस्थित जिला खनिज अधिकारी श्री सी.एम.शर्मा ने बताया कि खनिज निरीक्षकों द्वारा गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सतत् रूप से निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में गौण खनिजों से 10 करोड़ रूपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रकाश टंडन, श्री विनय सोनी, डिप्टी कलेक्टर श्री एस.एस. सोम, श्री वेदनाथ चंद्रवंशी सहित जिले के सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।

Spread the love

Related Articles

Back to top button