कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ डी एन योगी की रिपोर्ट कवर्धा में यात्री प्रतीक्षालयों पर अतिक्रमण: ठेला-होटल वालों का कब्जा, असामाजिक तत्वों का अड्डा बना

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़
डी एन योगी की रिपोर्ट
कवर्धा में यात्री प्रतीक्षालयों पर अतिक्रमण: ठेला-होटल वालों का कब्जा, असामाजिक तत्वों का अड्डा बना
कवर्धा नगर पालिका क्षेत्र में आम यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय अब अपने मूल उद्देश्य से भटक चुके हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और सामान्य यात्रियों के बैठने के लिए बनाए गए ये प्रतीक्षालय आज ठेला-होटल वालों, अतिक्रमणकारियों और असामाजिक तत्वों के कब्जे में आ गए हैं।
भारत माता चौक, ठाकुरदेव चौक, ठाकुर पारा और जिला अस्पताल के सामने बने ठेला गुमटियों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
जिला अस्पताल के सामने बने ठेले पर न केवल ठेला होटल वाले कब्जा जमाए बैठे हैं, बल्कि इस जगहों पर अतिक्रमणकारियों द्वारा किराए पर भी दे दिया गया है। शाम ढलते ही इन स्थलों पर नशेड़ी, शराबी और गंजा सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे स्थानीय नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और स्कूली बच्चों को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका प्रशासन और पुलिस विभाग की निष्क्रियता के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है। इन प्रतीक्षालयों की साफ-सफाई और मरम्मत की व्यवस्था नदारद है, और सुरक्षा की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है।
यह स्थिति न केवल नगर की छवि को धूमिल कर रही है, बल्कि सार्वजनिक सुविधाओं पर कब्जे की गंभीर समस्या को भी उजागर करती है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि इन प्रतीक्षालयों को अतिक्रमणमुक्त कराकर मूल उद्देश्य के अनुरूप उपयोग में लाया जाए, साथ ही ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए ताकि कोई असामाजिक गतिविधि पनप न सके।



