वन मंत्री  मोहम्मद अकबर कवर्धा के योग कार्यक्रम में होंगे शामिल

प्रत्येक पंचायत मुख्यालयों में भी होगा सामूहिक योग कार्यक्रम

कबीरधाम जिले में 3 लाख लोगों को योगाभ्यास कराने का लक्ष्य

कवर्धा  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिला मुख्यालय कवर्धा सहित जिले के सभी पंचायत मुख्यालयों में सामूहिक योग का आयोजित कर ग्रामवासियों को इस कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है। कबीरधाम जिले में तीन लाख लोगों को योगाभ्यास कराने का लक्ष्य रखा गया है। कवर्धा में सामूहिक योग का प्रदर्शन सरदार पटेल मैदान में प्रातः 7 बजे से प्रातः 8 बजे तक होगा। प्रदेश के परिवहन, आवास एवं पर्यावरण, वन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री  मोहम्मद अकबर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कलेक्टर  अवनीश कुमार शरण ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 जून को शासन के निर्देशानुसार कबीरधाम जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योग के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य जनसामान्य में योग के प्रति जागरूकता लाना तथा इससे शारीरिक एवं मानसिक रोगों से मिलने वाले लाभों से परिचय कराया जाना है। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक सुश्री बीना दीक्षित ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं आश्रम शालाओं तथा महाविद्यालयों में सामूहिक योग का कार्यक्रम किया जा रहा है। सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही नगरवासियों एवं ग्रामवासियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। इसके अलावा जिलें के सभी सामुदायिक,प्राथमिक स्वास्थ केन्द्रांं में भी योग कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा गया है

Spread the love

You missed