कबीरधाम पुलिस को मिला आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान का प्रशिक्षण** फिंगरप्रिंट एवं नई तकनीकों के उपयोग से अपराध विवेचना होगी और अधिक प्रभावी** कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट

कबीरधाम पुलिस को मिला आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान का प्रशिक्षण**
फिंगरप्रिंट एवं नई तकनीकों के उपयोग से अपराध विवेचना होगी और अधिक प्रभावी**
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ देखिये डी एन योगी की रिपोर्ट
कबीरधाम,। पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (आई.पी.एस.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन में एकता चौक स्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में जिले के समस्त थाना एवं चौकी के विवेचना अधिकारियों, सहायक उप निरीक्षकों, प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों के लिए फिंगरप्रिंट एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार ने फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार भारती का स्वागत कर किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य अपराधों की विवेचना में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अपराधों का शीघ्र खुलासा, सटीक जांच और आरोपियों की पहचान अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो रही है।
प्रशिक्षण के दौरान फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ श्री धर्मेंद्र कुमार भारती ने घटनास्थल से चांस फिंगरप्रिंट प्राप्त करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया, फिंगरप्रिंट संरक्षण, डेवलपिंग किट के उपयोग तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन एवं विश्लेषण की व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यशाला में एन.ए.एफ.आई.एस. (NAFIS), एम.सी.यू. (MCU) सहित अन्य आधुनिक वैज्ञानिक विवेचना प्रणालियों का भी प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराध स्थल से प्राप्त साक्ष्यों के संरक्षण, अज्ञात आरोपियों की पहचान तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में जिले के सभी थाना एवं चौकी से आए विवेचना अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार ने फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ श्री धर्मेंद्र कुमार भारती को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
कार्यशाला के सफल आयोजन में एम.सी.यू. प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक श्री चन्द्रभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक मनीष सोनी, एन.ए.एफ.आई.एस. प्रभारी श्री चेतक नाथ योगी तथा आरक्षक यशवंत तिवारी का विशेष योगदान रहा।
कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग से अपराधों की विवेचना को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है।
संपादक : डी.एन. योगी
कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़



