तीन माह से वेतन और प्रशिक्षण सामग्री नहीं मिलने पर वीटी प्रशिक्षकों का प्रदर्शन

कबीरधाम के 54 स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षक हुए लामबंद, कलेक्टर-डीईओ को सौंपा ज्ञापन; मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़ | देखिये डी.एन. योगी की रिपोर्ट

कवर्धा, । छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ के बैनर तले कबीरधाम जिले के 54 स्कूलों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों (VT) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की। संघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

प्रशिक्षकों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, वहीं विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए आवश्यक बुक/प्रशिक्षण सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके चलते प्रशिक्षकों के सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ शैक्षणिक कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

कलम बंद आंदोलन का समर्थन

राज्य कार्यकारिणी संघ द्वारा आहूत एक दिवसीय कलम बंद आंदोलन के समर्थन में कबीरधाम के वीटी प्रशिक्षक एकजुट हुए। संघ ने अपर कलेक्टर, समग्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधिकारी के समक्ष अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।

ज्ञापन में व्यावसायिक प्रशिक्षकों के मानदेय, नियमित वेतनवृद्धि, सेवा सुरक्षा एवं लंबित भुगतान सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया गया है। संघ के अनुसार छत्तीसगढ़ के सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2014 से व्यावसायिक शिक्षा संचालित की जा रही है और विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि अधिकारियों की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया है। प्रशिक्षकों ने स्पष्ट किया कि वे समाधान की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन यदि लंबित वेतन, प्रशिक्षण सामग्री और अन्य मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संघ ने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर सभी वीटी प्रशिक्षक उग्र आंदोलन के लिए भी तैयार हैं। बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों की मौजूदगी ने संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।

— कबीर क्रांति ब्रेकिंग न्यूज़

संपादक: डी.एन. योगी

Spread the love

You missed